आगरालीक्स..(16 December 2021 Agra News) आगरा में स्टे के बावजूद रातों रात दीवार बना दी गई. लेकिन पुलिस ने नहीं लिया एक्शन. ताजगंज इंस्पेक्टर लाइन हाजिर. न्यू आगरा इंस्पेक्टर को चेतावनी…
आगरा में स्टे के बावजूद रातोंरात दीवार बनाने और सूचना के बाद भी कोई कार्रवाई न करने पर थाना ताजगंज इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर किया है. इसके अलावा उन्होंने रिटायर्ड और दिव्यांग सैन्य अधिकारी का मुकदमा दर्ज न करने पर न्यू आगरा इंस्पेक्टर को चेतावनी दी है.
ताजगंज का ये है मामला
एडीजी जोन राजीव कृष्ण के पास एक मामला सामने आया. ताजगंज का रहने वाले एक पक्ष ने बताया कि उनकी जमीन पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है. रातोंरात कई मजदूर लगाकर दीवार बना दी गई यही नहीं उस पर पुताई भी कर दी. इस पक्ष ने स्टे के बावजूद निर्माण होने की सूचना पुलिस को दी. मामला इंस्पेक्टर ताजगंज के संज्ञान में भी आया. लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. एडीजी ने अपने पास आए पीडित को एसएसपी के पास भेजा. यहां जांच कराई गई तो आरोप सही निकला. इसके बाद पुलिस ने निर्माण तुड़वाया और पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. लापरवाही के आरोप में इंस्पेक्टर ताजगंज ओमहरि वाजपेयी को एसएसपी ने लाइन हाजिर किया है.
रिटायर्ड व दिव्यांग कैप्टन का मुकदमा नहीं लिखा
दूसरा मामला न्यू आगरा थाना क्षेत्र का है. यहां न्यू आगरा कॉलोनी में कैप्टन प्रदीप कृष्ण अस्थाना रहते हैं. प्रदीप कृष्ण सेवानिवृत व दिव्यांग हैं और ये सेना में कैप्टन रह चुके हैं. इन्होंने अपने पड़ोसी सत्यवीर सिंह चौधरी पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया. इस मामले की तहरीर दी गई, थाने पर इंस्पेक्टर भूपेंद्र बालियान से भी मिले मगर मुकदमा नहीं लिखा गया. जांच में पता चला कि दूसरे पक्ष की तरफ से एससी/एसटी एक्ट की तहरीर ली गई थी, ताकि शिकायतकर्ता को भयभीत किया जा सके. मामला एडीजी के पास पहुंचा तो उनहोंने नाराजगी जताई और पीड़ित की तहरीर पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया. इस मामले में इंस्पेक्टर न्यू आगरा को चेतावनी दी गई है.