आगरालीक्स…आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर महिला इंस्पेक्टर उपासना यादव और उनके भतीजे की सड़क हादसे में मौत. कुछ दिन पहले ही हुआ था ट्रांसफर. कानपुर चार्ज लेने के लिए जा रही थीं कार से…
मथुरा की शहर कोतवाली में इंस्पेक्टर क्राइम, एंटी रोमियो स्क्वेड प्रभारी उपासना यादव का शनिवार शाम को आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे में मौत हो गई. उनके साथ सवार उनके भतीजे आयुष यादव की भी मौत हुई है. इंस्पेक्टर उपासना यादव का कुछ दिनों पहले ही कानपुर ट्रांसफर हुआ था ओर आज वह अपने भतीजे आयुष के साथ कार से कानपुर चार्ज लेने के लिए जा रही थीं, लेकिन एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 77 के पास उनकी मौत हो गई.

मूल रूप से कन्नौज जिले के विकास नगर थाना इंटरगढ़ की रहने वाली 40 वर्षीय उपासना यादव पत्नी स्व. विपिन यादव मथुरा में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थीं. यहां से कानपुर ट्रांसफर होने के बाद शनिवार को वह कार में सवार होकर अपने भतीजे आयुष निवासी पनकी कानपुर के साथ कानपुर चार्ज लेने के लिए जा रही थीं. शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे एक्सप्रेस वे पर उनकी कार आगे चल रही किसी गाड़ी से टकरा गई. टक्कर लगने के बाद कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया लेकिन यहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. हादसे में इंस्पेक्टर उपासना यादव की मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर छा गई है.