आगरालीक्स …आगरा में दुर्घटना प्रतिकर के मामलों में पक्षकारों को भुगतान न करने पर बीमा कंपनी का कार्यालय सील, अब बिल्डर सहित नौ बकाएदारों की छह करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त करने की चल रही तैयारी।
आगरा में दयाल आर्केड भगवान टॉकीज में यूनिवर्सल सोम्पो जनरल इंश्योरेंस कंपनी का कार्यालय है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट लक्ष्मी एन सिंह का मीडिया से कहना है कि मोटर दुर्घटना प्रतिकर के तीन मामलों में बीमा कंपनी ने पक्षकारों को भुगतान नहीं किया था। बीमा कंपनी पर 80 लाख का बकाया था, इसमें दो आगरा और एक हाथरस के पक्षकार हैं। कार्यालय को सील कर दिया है।

तीन दिन में बकाया न देने पर संपत्ति की जाएगी नीलाम
कंपनी की मुख्य ब्रांच मुंबई में है और यहां किराए की बिल्डिंग में कार्यालय चल रहा है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का मीडिया से कहना है कि तीन दिन में बकाया नहीं चुकाया तो कंपनी की संपत्ति नीलाम कर बकाया राजस्व वसूला जाएगा। जबकि बीमा कंपनी के शाखा प्रबंधक आधार श्रीवास्तव का कहना है कि कंपनी ने बकाया का भुगतान कर दिया है, कोर्ट ने दो रिकवरी भी वापस कर ली हैं, प्रशासनिक टीम को भी दस्तावेज दिखाए थे। टीम ने गलत तरीके से कार्यालय सील किया है।
रेरा के नौ बकाएदारों की 6.18 करोड़ की संपत्ति की होगी कुर्की
तीन दिसंबर को तहसील प्रशासन ने रेरा के बकाएदार सात बिल्डर, एक कोल्ड स्टोर और एक बीमा कंपनी सहित 11 संपत्तियों के खिलाफ 6.18 करोड़ की संपत्तियों को जब्त कर कुर्की के आदेश दिए गए हैं। इसमें राम रघु बिल्डवेल और निखिल होम एसोसिएशन पर रेरा का 4.47 करोड़ का बकाया है।