आगरालीक्स.. आगरा में ज्वैलर के पत्नी संग सुसाइड करने के मामले में मां और पिता को जेल भेज दिया गया, तीन महीने पहले शादी हुई थी। सुसाइड नोट में लिखा कि मेरे घरवाले पत्नी को दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं। मैं पत्नी के साथ था। इसलिए मैं और मेरी पत्नी सुसाइड कर रहे हैं।
शाहगंज की राम स्वरूप कॉलोनी में गोपाल वर्मा (22) पुत्र ओमप्रकाश वर्मा अपने परिवार के साथ रहता था। परिवार में मां गुड़िया, छोटी बहन मोनिका, शालू और सबसे छोटा भाई हरिओम है। गोपाल की अलबतिया बाजार में सराफ की दुकान थी। पिता की घर में ही किराने की दुकान है। 18 जनवरी को फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद निवासी प्रिया (20) पुत्र योगेंद्र के साथ गोपाल की शादी हुई थी। गोपाल पत्नी के साथ घर के प्रथम तल पर कमरे में रह रहा था। मंगलवार सुबह बहन मोनिका मोनिका खाना लेकर छत पर गई थी। दरवाजा खटखटाया लेकिन आवाज नहीं आई। जब खिड़की से झांक कर देखा तो दोनों फंदे पर लटके थे।गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रिया के सांसे चल रही थी। लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां प्रिया ने भी दम तोड़ दिया था।
मां और पिता को जेल
मंगलवार शाम को प्रिया के परिजन आ गए। पिता योगेंद्र ने आरोप लगाया कि शादी में काफी कुछ खर्च किया था। इसके बावजूद सास-ससुर दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। इस कारण ही प्रिया और गोपाल ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने घर से एक कागज पर लिखा सुसाइड नोट बरामद किया। गोपाल ने सुसाइड नोट में लिखा कि मेरे घरवाले पत्नी को दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं। मैं पत्नी के साथ था। इसलिए मैं और मेरी पत्नी सुसाइड कर रहे हैं।
इंस्पेक्टर का मीडिया से कहना है कि प्रिया के पिता योगेंद्र की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी ओमप्रकाश और गुड़िया को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों जेल भेज दिए गए।