आगरालीक्स ..आगरा की टॉयलेट कथा को देखिए, कल्याणकारी महिला समिति ने एक ऐसा ही काम किया है, स्कूल के शौचालय की मरम्मत के साथ निर्माण कराया है।
कल्याणकारी महिला समिति ने विजय नगर काॅलोनी स्थित मुफीद-ए-आम इंटर काॅलेज में शौचालयों का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया है। यहां मंगलवार को पूर्व महापौर अंजुला सिंह माहौर ने शौचालयों की सुविधा विद्यालय प्रबंधन को प्रदान की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में साफ-सफाई बेहद जरूरी है। बच्चे देश का भविष्य हैं जब हम उनके सामने स्वच्छ वातावरण की तस्वीर प्रस्तुत करते हैं तो जाहिर है कि वह स्वच्छता की ओर प्रेरित होते हैं।

सरकारें भी इस दिशा में काम कर रही हैं कि शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा देश के हर स्कूल में हो। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी बनती है कि इस दिशा में काम किए जाएं। कम से कम शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में लड़कियों को स्कूल न छोड़ना पडे़। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर देशों की समृद्धि की बात आएगी तो आंकलन शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी चीजों से किया जाएगा न कि बंदूकों और हथियारों से आंका जाएगा। इसके लिए स्कूलों में शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का होना बेहद जरूरी है। समिति की अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि विद्यालय परिसर में शौचालयों की परेशानी थी। जो शौचालय परिसर में बने थे, वह जर्जर स्थिति में थे। ऐसे में स्कूल परिसर में पांच शौचालयों का निर्माण कराया गया है। साथ ही पुराने शौचालयों का जीर्णोद्धार भी कराया गया है। यह विद्यालय बहुत पुराना है। यहां का इतिहास भी गौरवान्वित कराने वाला है। इसलिए भविष्य में विद्यालय के दूसरे हिस्सों का जीर्णोद्धार कराने की भी योजना है।

कोषाध्यक्ष सविता पालीवाल ने कहा कि शौचालयों के निर्माण को लेकर देश में बहस चल रही है। सरकारें भी इसके लिए अभियान चला रही हैं। ऐसे में हम सभी को स्कूलों की इस जरूरत को समझना चाहिए। जो लोग सक्षम हैं वे अपने सभी कार्यों की श्रंखला में स्कूलों में शौचालयों का निर्माण अवश्य कराएं। इससे बच्चों को पढ़ने-लिखने के लिए बेहतर माहौल मिलता है। वे खासकर बालिकाएं स्कूल जाने से कतराते नहीं और गंदगी से होने वाली बीमारियों का खतरा भी कम होता है। इस अवसर पर शीला खंडेलवाल, शैलबाला अग्रवाल, नीलिमा पाटनी, अनीता शर्मा, संगम सिंघल आदि मौजूद थे।