आगरालीक्स…आखिर ये गड्ढा हो कैसे गया, आगरा के कमला नगर कर्मयोगी में सड़क धंसने के बाद सुरक्षा को लेकर उठे सवाल. लोग बोले—रात को कहीं कोई सड़क धंस जाए या हादसा हो जाए तो कौन जिम्मेदार
आगरा में सड़कों पर अचानक हुए बड़े गड्ढे और धंसी हुई जमीन वाकई सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा करते हैं। लोगों में सड़कों पर चलने को लेकर भी अब डर का माहौल है। कमला नगर में गुरूवार को हुई घटना के बाद यह चर्चा का विषय है। लोग अब पूर्व में सड़कों पर हो चुके ऐसे ही गड्ढों और सड़क धंसने को लेकर गंभीर चिंता जाहिर कर रहे हैं।गौरतलब है कि कमला नगर के कर्मयोगी में फाउंटेन के पास बीते दिन अचानक सड़क में एक बड़ा गड्ढा हो गया। रोड धंसने की वजह सीवर लाइन में लीकेज को बताया गया। पूर्व के वर्षों में भगवान टॉकीज चौराहे के पास सर्विस लेन भी इसी तरह धंस चुकी है। दो—तीन साल तक यहां लगातार एक ही जगह पर सड़क धंसती रही। एक बार तो इसमें एक कार भी समा गई थी। ऐसे ही दयालबाग में एक भी एक स्थान पर ऐसा ही बड़ा गड्ढा पिछले वर्ष हुआ था। शहर भर में ऐसे कई स्थान हैं जहां इस तरह की घटनाएं लगातार होती रही हैं। ऐसे में अब जवाबदेही पर बात की जा रही है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि कर्मयोगी में जहां ये गड्ढा हुआ वहां से प्रतिदिन स्कूल बस, स्कूल वैन गुजरती हैं, आम नागरिक भी यहीं से होकर गुजरते हैं। शाम के वक्त कई आइसक्रीम की ठेल लगती हैं। बड़ी संख्या में बच्चे और बड़े आइसक्रीम खरीदने आते हैं। नजदीक ही दवा, दूध, मिष्ठान, पान की दुकानें हैं और सब्जी की ठेलें लगती हैं। ऐसे में यह अति व्यस्त रास्ता है। गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ वहां कोई नहीं था वरना कोई अनचाही घटना हो सकती थी।
लोगों का कहना है कि ऐसा अक्सर जलभराव, सीवर-पाइपलाइन के रिसाव से कमजोर हुई मिट्टी और घटिया निर्माण सामग्री के कारण होता है। इस घटना की जांच होनी चाहिए। सड़क के बीचोंबीच विशाल गड्ढा होना और पोल का होना एक बहुत बड़ा खतरा है। ऐसी लापरवाही से बड़े हादसे हो सकते हैं। स्थानीय प्रशासन, नगर निगम या पुलिस को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।