आगरालीक्स….(21 January 2022 Agra News) आगरा में अंतिम दिन फतेहाबाद से इंग्लैंड से एमबीए कर लौटी रुपाली दीक्षित, विनय अग्रवाल के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
आगरा में 10 फरवरी को मतदान होना है। इसके लिए 14 से 21 जनवरी तक कलेक्ट्रेट में नामांकन हुए। नामांकन के अंतिम दिन फतेहाबाद सीट से सपा प्रत्याशी रुपाली दीक्षित नामांकन करने पहुंची। उन्होंने कहा कि वे विकास कार्यों के मिस मैनेजमेंट के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं, युवा सोच है, इस नई सोच के साथ फतेहाबाद में विकास कार्य कराना है।

आगरा दक्षिण सीट पर हुए नामांकन
सपा की आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से विनय अग्रवाल ने नामांकन किया, इसके साथ ही आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी रमजान अब्बास और लोकप्रिय राष्ट्रवादी पार्टी से आगरा दक्षिण से प्रेम सिंह ने नामांकन किया।
खेरागढ़ से निर्दलीय प्रत्याशी ने नामांकन किया
वहीं, आगरा की खेरागढ़ विधानसभा सीट से भाजपा से टिकट न मिलने से नाराज दिगंबर सिंह धाकरे ने निर्दलीय नामांकन किया। नामांकन करने के बाद मीडिया से बात करते समय दिगंबर सिंह धाकरे रोने लगे, उन्हें समर्थकों ने शांत कराया।
157 प्रत्याशियों ने किया नामांकन
आगरा में 14 से 21 जनवरी तक 9 विधानसभा सीटों के लिए 157 प्रत्याशियों ने नामांकन किया, इसमें से 41 प्रत्याशी भाजपा, सपा रालोद गठबंधन, बसपा, कांग्रेस और आप पार्टी के हैं। इसके साथ ही निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन किया है, शनिवार से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन पत्र में कमी मिलने पर पर्चा खारिज कर दिया जाएगा।