आगरालीक्स… आगरा की समलैंगिक युवतियों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा की मांग की है, वे सुरक्षा के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ के गोरखनाथ पीठ पहुंच गई। दोनों युवतियों ने अपने रिश्ते को कानूनी मान्यता देने के लिए इलाहाबाद हाइकोर्ट में भी याचिका डाली है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ,आगरा के टूंडला की रहने वाली छात्राओं के बीच पढऩे के दौरान समलैंगिक रिश्ते बन गए। इसकी भनक परिजनों को भी नहीं लगी, तीन साल पहले सहेली के साथ पढ़ाई की बात कहकर एक लड़की अपने घर से निकल आई, दो दिन तक घर न आने पर परिजन ने थाने में सूचना दी थी। पुलिस ने लड़की को उसकी महिला दोस्त के साथ दिल्ली से बरामद किया था। इसके बाद दोनों के परिवारजनों को समलैंगिक रिश्ते की जानकारी हुई, दोनों के परिवार ने इनके रिश्ते को मानने से इन्कार कर दिया, ऐसे में वे घर छोड़कर टूंडला की रेलवे कॉलोनी में एक परिचित के घर में किराये पर रहती हैं। कुछ दिन पहले इज्जतनगर, बरेली निवासी उसके बहन-बहनोई और अन्य लोग हथियारों से लैस होकर टूंडला पहुंचे। जबरन घर ले जाने को गाड़ी में बैठा लिया। विरोध करने पर फायरिंग की। पुलिस से मदद मांगी तो उन्होंने टरका दिया।
गोरखानाथ मंदिर पीठ पहुंची
स्थानीय पुलिस से सहायता न मिलने पर दोनों समलैंगिक युवतियां सीएम योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा की मांग को लेकर गोरखनाथ मंदिर पीठ पहुंच गई, उन्होंने शहर में नैनीताल रोड स्थित डिफेंस कॉलोनी निवासी अपने रिश्तेदारों, बहनों और बहनोइयों से जान का खतरा बताया। गोरखनाथ पीठ तक मामला पहुंचने पर इज्जतनगर पुलिस ने बहनों और परिवार के लोगों को थाने बुलवा लिया।
थाने में भिड गई बहनें
बहनें थाने में ही भिड़ गईं और दो बहनों के बीच जमकर हाथापाई हुई। तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा। बाद में पुलिस ने मामला टूंडला से संबंधित होने पर फिरोजाबाद पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। पूछताछ की जा रही है।