आगरालीक्स …आगरा में सब्जी, फल और दूध के लिए परेशान नहीं होना पडेगा। 21 अप्रैल यानी मंगलवार को थोक सब्जी और फल मंडी खुलेगी, दोपहर तक सामान्य स्थिति हो जाएगी। वहीं, दूध की सप्लाई घर घर की जाएगी, हर क्षेत्र के लिए दूध सप्लाई करने वालों के नंबर जारी किए गए हैं।
आगरा में सब्जी विक्रेताओं के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद सिकंदरा थोक सब्जी, फल मंडी बंद करा दी गई। इससे सोमवार को सब्जी की परेशानी रही, सब्जी विक्रेता नहीं आए। इसे देखते हुए मंडी सचिव और पुलिस प्रशासन ने बैठक की, इसमें निर्णय लिया गया है कि थोक सिकंदरा मंडी को खोला जाएगा लेकिन पूरी सावधानी बरती जाएगी।
सुबह सात बजे खुलेगी मंडी, दोपहर तक मिलने लगेगी सब्जी
थोक सिकंदरा सब्जी मंडी सुबह सात से दोपहर दो बजे तक खोली जाएगी, सब्जी मंडी से सब्जी विक्रेता सब्जी खरीद कर ला सकेंगे। इसके लिए उन्हें शारीरिक दूरी, मास्क का इस्तेमाल करना होगा, पास धारकों को ही सब्जी मंडी में प्रवेश दिया जाएगा। पास के बिना कोई सब्जी खरीद और बिक्री नहीं कर सकेगा।
दूध की घर पर सप्लाई
दूध की सप्लाई के लिए हर क्षेत्र के लिए नंबर जारी किए गए हैं, इन नंबरों पर फोन कर दूध मंगवा सकते हैं। इनके द्वारा अमूल, मदर डेरी का दूध सप्लाई किया जाएगा।

