आगरालीक्स…(28 November 2021 Agra News) आगरा में दर्दनाक हादसा. निर्माणाधीन आईएसबीटी फ्लाईओवर पर बाइक लेकर चढ़ा युवक. तेज स्पीड के कारण गर्डर में फंसकर मौत. पढ़िए पूरी खबर
आगरा में रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. आईएसबीटी पर चल रहे निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर एक युवक ने अपनी बाइक चढ़ा दी लेकिन तेज स्पीड और अंधेरा होने के कारण उसे दिखाई नहीं दिया और वह और उसकी बाइक गर्डर में फंस गया. युवक की मौके पर ही मौत हो गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
हादसा करीब शाम सात बजे के आसपास का है. आईएसबीटी पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है. यूं तो ये फ्लाईओवर लगभग कम्प्लीट हो चुका है लेकिन अभी इसका पासिंग एरिया के ऊपर का काम चल रहा है. बताया जाता है कि शाम करीब सात बजे से पहले एक युवक खंदारी फ्लाईओवर से सिकंदरा की तरफ जा रहा था, लेकिन खंदारी फ्लाईओवर से नीचे उतरते ही जाम लगा हुआ था. इसके कारण बाइक सवार युवक ने सोचा कि शायद पुल बन गया है और अभी उसे चालू नहीं किया है, इस पर वह बाइक लेकर पुल पर चढ़ गया. इधर पुल पर अभी कोई लाइट न होने के कारण अंधेरा था और बाइक की स्पीड बहुत तेज थी, जिसके कारण युवक आईएसबीटी फ्लाईओवर के पासिंग एरिया के ऊपर चल रहे निर्माण कार्य को नहीं देख पाया और वह बाइक सहित गर्डर में फंस गया. युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने पहुंचकर शव को बाहर निकाला है लेकिन अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है.