आगरालीक्स …आगरा में अब रविवार को बाजार पूरी तरह से बंद रहेंगे, आगरा के साथ ही यूपी के लिए सरकार ने आदेश जारी किए हैं।
यूपी में कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू होने लगी है। ऐसे में पाबंदियां लगाई जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को हुई बैठक में यूपी में रविवार को शहर और देहात के बाजारों को पूरी तरह से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। हर रविवार को यूपी के बाजार पूरी तरह से बंद रहेंगे।
आगरा में रविवार को बंद रहेंगे बाजार
सरकार के आदेश के बाद अब आगरा में रविवार को सभी बाजार पूरी तरह से बंद रहेंगे। शहर और देहात के बाजारों को रविवार को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही जिन जिलों में कोरोना के केस अधिक मिल रहे हैं, वहां रविवार को सैनेटाइजेशन का कार्य कराया जाएगा।
आवश्यक सेवाओं को अनुमति
चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को रविवार को बंदी से छूट दी गई है। इन्हें बंद नहीं किया गया है, इसके साथ ही लोगों से भी कहा जा रहा है कि वे बेवजह घर से बाहर न निकलें। घर पर ही रहें।
अभी आगरा में रात 9 से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू
आगरा में कोरोना के केस तेजी से बढ रहे हैं, संक्रमण की रोकथाम के लिए आगरा में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। अभी आगरा में रात नौ से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू है।
72 घंटे में मिले कोरोना के 734 केस
आगरा में कोरोना के केस कई गुना बढ गए हैं। 72 घंटे में मिले कोरोना के 734 केस, एसएन मेडिकल कालेज के कोविड हास्पिटल में मरीजों का इलाज कर रहे डा जीवी सिंह का कहना है कि कोरोना का नया स्ट्रेन तेजी से फैल रहा है, कोरोना के एक मरीज से कई लोग संक्रमित हो रहे हैं और कोरोना की नई चेन बनने लगी है, इससे केस में उछाल आया है, अभी भी लोग सावधानी नहीं बरत रहे हैं। मास्क नहीं पहन रहे हैं, इससे संक्रमण की दर बढती जा रही है।