मथुरालीक्स…श्री बांकेबिहारी मंदिर के लाइव दर्शन शुरू. हर दिन लगभग 10 घंटे होगा ठाकुर जी की तीनों आरतियों (श्रृंगार, राजभोज, शयनभोग) का सीधा प्रसारण..मंदिर के अंदर- बाहर लगीं 6 बड़ी एलईडी स्क्रीन और 5 एडवांस कैमरे
वृंदावन स्थित विश्व प्रसिद्ध ठाकुर श्री बांके बिहारी जी के भक्तों के लिए रंगभरी एकादशी का पावन पर्व एक बड़ी सौगात लेकर आया है। शुक्रवार को मंदिर प्रांगण से आधिकारिक रूप से सजीव प्रसारण (लाइव स्ट्रीमिंग) सेवा का शुभारंभ किया गया। अब देश- दुनिया के करोड़ों श्रद्धालु घर बैठे अपने आराध्य के साक्षात दर्शन और तीनों आरती का लाभ उठा सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्घाटन मा0 उच्च न्यायालय इलाहाबाद के पूर्व न्यायाधीश श्री अशोक कुमार, डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय, डीएम चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित कमेटी के प्रयासों का प्रतिफल
सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में गठित 'ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी, वृंदावन, मथुरा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है। मंदिर में दर्शनार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए और हर भक्त को सुलभ दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कमेटी ने यह तकनीकी पहल की है। इससे न केवल मंदिर परिसर में व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि दूर-दराज बैठे भक्त भी ठाकुर जी से जुड़ सकेंगे।
हर भक्त तक ठाकुर जी के दर्शन पहुंचाना हमारी प्राथमिकता
इस ऐतिहासिक शुरुआत के अवसर पर मा० न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्री अशोक कुमार जी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा- निर्देशों के तहत गठित इस मैनेजमेंट कमेटी का प्राथमिक लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना है। इस लाइव स्ट्रीमिंग और बड़ी स्क्रीन के माध्यम से मंदिर में भीड़ का दबाव कम होगा और व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होंगी। हमारी कोशिश है कि जो भक्त शारीरिक रूप से वृंदावन नहीं आ पाते, वे भी तकनीक के माध्यम से अपने आराध्य की कृपा और दर्शन का लाभ प्राप्त कर सकें।
मंदिर प्रबंधन द्वारा दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए अंदर और बाहर कुल 6 बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। प्रवेश द्वार (गेट नंबर- 2 व 3), निकास द्वार (गेट नंबर 1) और गेट नंबर 4 के सामने बड़ी एलईडी स्क्रीन स्थापित की गई हैं। मंदिर के अंदर 5 बेहद एडवांस कैमरों और 4 बड़ी टीवी स्क्रीनों के जरिए हर श्रद्धालु को ठाकुर जी की दिव्य झलक मिलेगी। इस अत्याधुनिक सेटअप को नोएडा की सुयोग्य मीडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित किया गया है।
घर बैठे करें तीनों आरती के लाइव दर्शन
अब प्रतिदिन लगभग 10 घंटे से अधिक का लाइव प्रसारण होगा। भक्त सुबह 8:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और शाम 4:00 बजे से रात 9:00 बजे तक दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान श्रृंगार, राजभोज और शयनभोग—सभी तीनों आरती का सीधा प्रसारण किया जाएगा। श्रद्धालु मंदिर के आधिकारिक सोशल मीडिया पेजों (Facebook, YouTube, Instagram, X) पर जुड़कर प्रतिदिन दर्शन का लाभ ले सकते हैं।