मथुरालीक्स…मथुरा में चुनावी रंजिश में दो भाइयों को मारी गोली. एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
मथुरा में थाना जैंत के गांव नगला नेता में चुनावी रंजिश में प्रधान पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. दो भाइयों को गोली मारी जिसमें एक की मौत हो गई जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल है. उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है. शुक्रवार शाम को भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था जिसमें पीड़ित पक्ष ने थाना जैंत में प्रधान पक्ष के खिलाफ तहरीर दी थी.
आरोप है कि रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे प्रधान पक्ष के लोगों ने उदयवीर के घर पर हमला बोल दिया. लाठी डंडों से पिटाई करने के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इसमें घर पर खड़े 20 साल के राधाकिशन के सिर में गोली लगी जबकि उसके भाई अनिल के हाथ में गोली लगी. इससे वहां पर अफरातफरी मच गई. दोनों भाइयों को लहूलुहान कर हमलावर भाग निकले. सूचना पर एसपी राजीव कुमार सिंह सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया.
पुलिस ने दोनों घायल भाइयों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां राधाकिशन की मौत हो गई. वहीं दूसरा भाई घायल है. घटना से गांव में तनाव के हालात हैं. पुलिस ने प्रधान पक्ष के चार लोगों को हिरासत में लिया है. पीड़ित पक्ष ने ग्राम प्रधान योगेश, उसके भाई नरेश व भतीजों अमित, दिनेश सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.