आगरालीक्स…(25 May 2021 Agra) आगरा में शराब की दुकान में चोरी. छत काटकर घुसे चोर. 30 से 35 पेटी चोरी. सीसीटीवी में कैद. पुलिस मौके पर
छत काटकर चोरी
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही है. सोमवार को डॉक्टर के यहां हुई बंधक बनाकर लाखों की लूट के मामले के बाद सोमवार रात को ही बदमाशों ने अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. थाना सिकंदरा से कुछ ही दूरी सिकंदरा—बोदला रोड स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान है. इस दुकान का लाइसेंस प्रमोद सिप्पी नाम से है. बताया जाता है कि आज सुबह जब दुकान खोली गई तो अंदर सामान बिखरा हुआ था. अंदर देखा तो छत कटी हुई थी. दुकान मालिक के अनुसार दुकान के अंदर से अंग्रेजी शराब की 30 से 35 पेटी चोरी की गई हैं. इसकी कीमत करीब तीन लाख के आसपास है. इधर सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग भी देखी है जिसमें चोरी की वारदात की जा रही है. बदमाश गमछा लपेटे हुए हैं. बताया जाता है कि फरवरी में भी इसी दुकान में चोरी की वारदात हुई थी.
15 दिन पहले भी हुई थी चोरी
थाना सिकंदरा क्षेत्र में 15 दिन के अंदर ये शराब की दुकान में चोरी की दूसरी बड़ी वारदात है. इससे पहले 11 मई को बदमाशों ने प्राची टावर पुलिस चौकी के सामने भी शराब की दुकान में इसी तरह की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. यहां से भी काफी मात्रा में शराब चोरी हुई थी. आगरा लिक्वर एसोसिएशन के अतुल दुबे ने शराब की दुकानों में हो रही चोरियों पर रोष व्यक्त करते हुए कहा है कि करोना काल में कर्फ्यू लगने के बाद भी चोर दुकानों से चोरी कर रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ रख कर बैठी है. अतुल दुबे ने शराब की दुकानों की चोरी की वारदातों का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है.
