आगरालीक्स… आगरा में बच्ची के साथ रेप किया, डॉक्टर ने रिपोर्ट में रेप की पुष्टि नहीं की, बोर्ड से मेडिकल कराने पर रेप पर पुष्टि हो गई, महिला डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस ने लिखा है।
आगरा में सोमवार की रात एत्माउददौला में पांच साल की बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। मोहल्ले का किशोर उसे बहलाकर अपनी घर की छत पर ले गया था। उसके साथ रेप किया था। बच्ची की चीख सुनकर मां ने बड़ी बेटी को भेजा था। आरोपित भाग गया था। उसी रात लेडी लॉयल में बच्ची का मेडिकल कराया गया। डॉ रुचि पचौरी ने मेडिकल किया, उसमें रेप की पुष्टि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच के बाद बच्ची को घर भेज दिया गया। मेडिकल रिपोर्ट में कोई इंजरी नहीं दिखाई गई।
एसएसपी रह गए हैरान
एसएसपी अमित पाठक मंगलवार बच्ची से मिलने पहुंचे। उसकी मां से पूछा डॉक्टर ने कोई दवा लिखी है क्या। बच्ची डरी हुई थी। उसकी तबियत भी बिगड़ रही थी। मां ने बताया कि कोई दवा नहीं लिखी है। एसएसपी को यह देख हैरानी हुई। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। घटना के समय बच्ची ने जो कपड़े पहन रखे थे उन्हें देखा। वह अचंभित रह गए। कपड़ों में खून लगा था।
मेडिकल बोर्ड में रेप की पुष्टि
इसके बाद डीएम गौरव दयाल के आदेश पर री मेडिकल कराया गया, लेडी लॉयल की डॉ शैली सहित तीन डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड ने दोबारा मेडिकल परीक्षण किया। दूसरा मेडिकल पहले के बिल्कुल उलट आया। बच्ची के साथ रेप की पुष्टि हुई। उसे चोट भी थी। इलाज की जरूरत थी। दूसरा मेडिकल देखकर एसएसपी हैरान रह गए। एसएसपी के मुताबिक इस संबंध में एडीजी अजय आनंद को बताया गया। डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ को पत्र लिखा गया है।