आगरालीक्स…आगरा में एसएन मेडिकल कॉलेज से गायब मरीज का बेसमेंट में शव मिला है, पांच दिन तक शव बेसमेंट में पडा रहा। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है, पुलिस जांच कर रही है।
आगरा के प्रकाश नगर निवासी देव चंद्र झा, 70 साल मूल निवासी बिहार पीपली मंडी स्थित मंदिर में पुजारी थे, टीबी होने पर उनका एसएन में इलाज चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि सात फरवरी को देव चंद झा को दिखाने के लिए एसएन लेकर गए, डॉक्टर ने जांच कराने के लिए सात मंजिला बिल्डिंग में भेज दिया। परिजन उन्हें एक जगह बिठाकर जांच के लिए पर्चा जमा करने चले गए, वापस आने पर देव चंद झा नहीं मिले। इस मामले की थाना एमएम गेट में गुमशुदगी लिखवाई गई थी, पुलिस जांच कर रही थी।
बेसमेंट में पांच दिन बाद मिला शव
बुधवार को परिजन एसएन पहुंचे, वे सीसीटीवी दिखाने के लिए कहने लगे। इसी दौरान एक परिजन की नजर बेसमेंट के लिए जा रहे रास्ते पर पडी, यह बंद रहता है लेकिन बुधवार को खुला हुआ था। बेसमेंट में अंदर गए तो वहां उन्हें एक कमरे में देव चंद्र का शव मिला है। परिजन हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।