आगरालीक्स ..(Agra News 12th October)..आगरा से बेंगलूरू, भोपाल, लखनऊ का सफर एक से दो घंटे का रह गया है, लेकिन खेरिया एयरपोर्ट से बाहर आने में समय बर्बाद हो रहा है। कारण जानकर हैरान रह जाएंगे।
आगरा के एयरफोर्स स्टेशन के अंदर खेरिया एयरपोर्ट है, यहां वाहनों के आने जाने पर प्रतिबंध है। खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले लोगों के वाहन अजीत नगर गेट पर रोक दिए जाते हैं। यहां से खेरिया एयरपोर्ट तक जाने के लिए अजीत नगर गेट से रोडवेज की बस मिलती है। इसी तरह से एयरपोर्ट से बाहर इन्हीं बस से आते हैं। यहां केवल दो बस हैं और फ्लाइट की संख्या बढ़ने से यात्रियों की संख्या भी बढ़ गई है।
खेरिया एयरपोर्ट से बाहर आने के लिए यात्रियों को रोडवेज बस का इंतजार करना पड़ रहा है, बस में सीट की संख्या भी निर्धारित है, इससे लोगों का समय बर्बाद हो रहा है।

तीन फ्लाइट आने से 209 यात्री और दो बस
आगरा से भोपाल आई फ्लाइट में 18 यात्री खेरिया एयरपोर्ट पर उतरे, बेंगलूरू से आई फ्लाइट से 163 यात्री उतरे और लखनउ से आई फ्लाइट से 28 यात्री खेरिया एयरपोर्ट पर उतरे। इस तरह खेरिया एयरपोर्ट पर 209 यात्री लगातार तीन फ्लाइट के आने से बसों का इंतजार करने लगे। मगर, बस की संख्या दो ही है, इससे खेरिया एयरपोर्ट से अजीत नगर गेट तक आने में समय लगा।
एक और बस बढ़ाने की मांग
खेरिया एयरपोर्ट से अजीत नगर गेट तक आने के लिए दो रोडवेज बस हैं, यात्रियों की समस्या को देखते हुए खेरिया एयरपोर्ट के निदेशक ए अंसारी ने डीएम प्रभु एन सिंह को पत्र लिखकर एक और बस बढ़ाने की मांग की है, जिससे खेरिया एयरपोर्ट पर तीन बस रहें और यात्रियों को अजीत नगर गेट तक आने में ज्यादा समय न लगे।