आगरालीक्स ..आगरा में नगर निगम में स्वास्थ्य विभाग की टीम सैंपल लेने पहुंची, एक क्लर्क और एक कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर दो विभाग सील कर दिए हैं। इन्हें सैनेटाइज कराया गया है।
आगरा में कोरोना की जांच के लिए रैपिड एंटीजन टेस्ट किए जा रहे हैं, इसमें नाक से स्वैब लिए जाते हैं। 30 मिनट से एक घंटे में रिपोर्ट आ रही है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर निगम में कर्मचारियों के सैंपल लिए, इसके लिए कर्मचारियों को सदन कक्ष में बुलाया गया। यहां एक के बाद एक 90 से अधिक कर्मचारियों के नाक से नमूने लिए गए।
निर्माण विभाग के क्लर्क और एकाउंट विभाग के चपरासी में पुष्टि
टीम ने कोरोना के सैंपल लेने के बाद जांच की, इसमें निर्माण विभाग के क्लर्क और एकाउंट विभाग के चपरासी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन दोनों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है। वहीं, निर्माण और एकाउंट विभाग सील कर दिए गए हैं, इन्हें सैनेटाइज कराया गया है।
कोरोना के 1557 केस
आगरा में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 1557 पहुंच गई है, हर रोज नए केस आ रहे हैं, इसमें से 1284 मरीज ठीक हो चुके हैं, 95 मरीजों की मौत हुई है। 179 मरीजों का इलाज चल रहा है।