आगरालीक्स… नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे, सभी की नजर पीएम मोदी के मंत्रिमंडल पर है, क्या इस बार भी आगरा मंडल से कोई सांसद मंत्रिमंडल में शामिल होगा। शाम सात बजे शपथ ग्रहण समारोह होना है, इससे पांच घंटे पहले मंत्रिमंडल में शामिल सांसदों को सूचना दी जाएगी। आगरा सुरक्षित सीट से प्रो एसपी बघेल सांसद हैं तो फतेहपुर सीकरी सीट से रिकॉर्ड वोट से जीत दर्ज कर राजकुमार चाहर संसद में पहुंचे हैं। मथुरा से हेमामालिनी दूसरी बार चुनाव जीती हैं, एटा से कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह ने जीत दर्ज की है। फीरोजाबाद से डॉ चंद्रसेना भाजपा से सांसद चुने गए हैं। हाथरस से भाजपा से सांसद राजवीर सिंह चुने गए हैं, अलीगढ से सतीश कुमार गौतम भाजपा सांसद हैं।
2014 में डॉ राम शंकर कठेरिया ने ली थी एचआरडी मिनिस्टर की शपथ
2014 में नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, उन्होंने आगरा सुरक्षित सीट से दो बार के सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया को मंत्रिमंडल में एचआरडी स्टेट मिनिस्टर बनाया था। हालांकि, 5 जुलाई 2016 को उनसे मंत्रिमंडल का पदभार वापस ले लिया गया। वे अभी एससी आयोग के अध्यक्ष हैं। इस बार डॉ राम शंकर कठेरिया को आगरा सुरक्षित सीट से टिकट नहीं मिली थी, उन्हें इटावा से चुनाव लडाया गया था, वे इटवा से भाजपा के सांसद चुने गए हैं।