आगरालीक्स…(11 February 2022 Agra News) आगरा के रहने वाले और एक्ट्रेस रवीना टंडन के पिता रवि टंडन का निधन…
आगरा के माईथान में रहने वाले मशहूर फिल्म निर्माता व निर्देशक और अभिनेत्री रवीना टंडन के पिता रवि टंडन का शुक्रवार को निधन हो गया. 86 वर्षीय रवि टंडन आगरा के रहने वाले थे और वो इस समय मुंबई में ही निवास कर रहे थे. वे काफी समय से अस्वस्थ थे. आगरा में इन्हें इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन ने वर्ष 2020 में ब्रज रत्न अवार्ड प्रदान किया था जिसे प्राप्त कर वे काफी भावुक हुए थे और आगरा की पुरानी यादों मेंखो गए थे. हालांकि अस्वस्थता के कारण वे यहां आ नहीं सके ऐसे में उनका यह सम्मान उनके छोटे भाई रज्जू टंडन को दिया गया था.
फाउंडेशन के अध्य़क्ष पूरन डावर व महासचिव अजय शर्मा, ब्रजेश शर्मा ने रवि टंडन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि रवि टंडन ब्रज के गौरव थे. इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के सभी पदाधिकारियों ने टंडन के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे आगरा के लिए बड़ी क्षति बताया है.

कामयाबी का स्वर्णिम इतिहास लिख चुके रवि टंडन किसी परिचय के मोहताज नहीं थे. बालीवुड को अनेक हिट फिल्में देने वाले रवि टंडन का जन्म 16 फरवरी 1935 आगरा के माईथान में हुआ. शिक्षा-दीक्षा होने के बाद वर्ष 1958 में वे मुंबई चले गए थे और फिल्मी दुनिया में आगे बड़े. कुछ साल संघर्ष करने के बाद सन 1960 में उन्होंने लव इन शिमला में अभिनय किया. अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद उन्होंने बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत की और कई हिट फिल्मों का निर्देशन किया. जिनमें फिल्म खेल-खेल में, अनहोनी, नजराना, मजबूर, खुद्दार और जिंदगी जैसी फ़िल्में शामिल रहीं। उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर बॉलीवुड के प्रथम श्रेणी के निर्माता, निर्देशक के रूप में मुकाम हासिल किया.
बतौर निर्माता उन्होंने कई फिल्मों का निर्माण किया जिनमें फिल्म ‘एक मैं और एक तू’, ‘अपने रंग हज़ार’, ‘अनहोनी’ मुख्य रूप से शामिल रही. उन्होंने फिल्म की पटकथा लेखन में अपना हुनर दिखाया जिसमें संजीव कुमार अभिनीत फिल्म अनहोनी को दर्शकों ने खूब सराहा. रवि टंडन ने सिर्फ फिल्म जगत में कामयाबी का परचम ही नहीं लहराया बल्कि पारवारिक जिम्मेदारियों को भी पत्नी वीना टंडन के साथ बखूबी अंजाम दिया. उनकी शानदार परवरिश का नतीजा रहा कि उनकी बेटी रवीना टंडन बॉलीवुड में सुपर एक्ट्रेस के रूप में मुकाम हासिल किया। उनके बेटे राजीव टंडन ने भी फिल्म जगत में बतौर अभिनेता अपनी ख़ास पहचान बनाई.
रवीना टंडन का जन्म भले ही आगरा में नहीं हुआ, फिर भी आगरा वासी उन्हें अपनी बेटी मानते है. रवि टंडन को एंटरटेनमेंट ट्रेड अवार्डस के दौरान लाइफटाइन अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया. अनेकों अवार्ड प्राप्त कर चुके रवि टंडन को फिल्म जगत के गौरवशाली सम्मान दादासाहेब फाल्के अवार्ड से विभूषित किया जा चुका था.