आगरालीक्स.. आगरा में डिप्टी सीएम डा दिनेश शर्मा ने कहा कि स्कूल खुलने के साथ आनलाइन पढाई भी जारी रहेगी, नवंबर में खुलेंगे डिग्री कालेज, देश दुनिया की अभी तक की खबरें।
नवंबर में कालेज खोलने पर विचार
आगरा में बुधवार को सर्किट हाउस में डिप्टी सीएम डा दिनेश शर्मा ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की, कहा कि नवंबर में विश्वविद्यालय और डिग्री कॉलेजों को खोलने पर विचार किया जाएगा। कहा कि कोरोना संक्रमण काल में ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। कहा कि दुर्गा पूजा और रामलीला कमेटियों के साथ पुलिस प्रशासन के अधिकारी नियमित अंतराल में बैठक करते रहें जिससे कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन कराया जा सके।

कराची में धमाका
पाकिस्तान के कराची शहर में दो मंजिला इमारत में विस्फोट होने से तीन लोगों की मौत गई तथा 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। कराची के गुलशन-ए-इकबाल क्षेत्र स्थित मस्कन चौरंगी में हुए इस विस्फोट की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। प्रथम दृष्टया गैस सिलेंडर में विस्फोट माना जा रहा है। बम निरोधक दस्ता विस्फोट के कारणों की जांच में लगा है।
किसान आंदोलन से कई ट्रेनें रद्द
केंद्र सरकार द्वारा पारित किए गए कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में सड़कों पर उतरे किसानों की वजह से कई परेशानियां खड़ी हो गई हैं, जिसके चलते कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, इनमें अधिकांश ट्रेनें हरियाणा और पंजाब से होकर गुजरने वाली हैं। किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक केंद्र सरकार कानूनों को वापस नहीं लेती, तब तक उनका आंदोलन चलता रहेगा।
चीनी सैनिक वापस भेजा
भारत-चीन के बीच सीमा पर जारी तनातनी के बीच चीनी सेना का एक जवान सोमवार को रास्ता भटकते हुए लद्ददाख में भारतीय सीमा के भीतर घुस आया था. जिसे बीती रात भारत ने चीनी सेना के अफसरों को सौंप दिया। चुशूल मोलडो मीटिंग प्वाइंट पर चीनी सेना को सौंपे गए इस जवान का नाम बांग है।

अमेरिकी रक्षा और विदेश मंत्री भारत आएंगे
भारत और चीन के बीच जारी तनातनी के बीच अमेरिका औऱ भारत के रिश्तों को औऱ मजबूत बनाने के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पियो और रक्षामंत्री मार्क एस्पर अगले सप्ताह भारत यात्रा पर आएंगे। अमेरिकी रक्षामंत्री ने कहा कि भारत इस सदी में हमारे लिए इंडो पेसिफिक में सबसे अच्छा परिणामी भागीदार होगा। मार्क एस्पर ने कहा कि उनकी यात्रा पुराने गठबंधनों को मजबूत करने और स्वयं के वैश्विक नेटवर्क के निर्माण में रूपी और चीनी प्रयासों के खिलाफ नए विकास के लिए एक व्यापक अमेरिकी पहल का हिस्सा है।
संक्रमित फिर 50 हजार से ज्यादा
कोरोना संक्रमण के मामले बुधवार को फिर पचास हजार से ऊपर सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा आज जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 54,044 नए कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। इन्हें जोड़कर अब तक 76,51,107 लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, जबकि इसी दौरान 717 औऱ संक्रमितों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या 1,15,915 हो गई है। राष्ट्रीय स्तर पर स्वस्थ होने वालों की दर में भी सुधार आया है। अब यह 88.8 फीसदी हो गई है। पॉजिटिविटी रेट में मामूली वृद्धि हुई है लेकिन यह अभी भी पांच प्रतिशत से नीचे 4.98 प्रतिशत पर है। कोरोना संक्रमण से ठीक होने वाले भी तेजी से बढ़ रहे है।