नईदिल्लीलीक्स… भाजपा नेता यशवंत सिन्हा टीएमसी में शामिल। नड्डा के घर कोर कमेटी की बैठक। फ्रांस का अंतरिक्ष में सैन्य अभ्यास। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
तेजस्वी ने मांगा बिहार के मंत्री का इस्तीफा
बिहार में स्कूल से शराब बरामद होने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य के मंत्री रामसूरत राय से इस्तीफा देने तथा जमीन के एग्रीमेंट पेपर और बैंक डिटेल दिखाने की मांग की है। तेजस्वी ने कहा कि रामसूरत राय का झूठ सामने आ गया है, जिस स्कूल से शराब बरामद की गई, वह रामसूरत के भाई हंसलाल राय के नाम ही है।
कोरोना संक्रमित और बढ़े
देश में एक ओर कोरोना से सुरक्षा के लिए वैक्सीनेशन का अभियान जोरों पर चल रहा है। वहीं कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या भी दिन व दिन बढ़ रही है। केंद्र के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में 24,882 नए संक्रमितों का पता चला है, जबकि इस अवधि में 140 मरीजों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित महाराष्ट्र और केरल में सामने आ रहे हैं। तमिलनाडु, पंजाब और दिल्ली में भी कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है।
नड्डा के घर कोर कमेटी की बैठक
पांच प्रदेशों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के सिलसिले में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की आज दिल्ली में बैठक होनी है। इस बैठक के पूर्व पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर पार्टी के कोर ग्रुप की बैठक चल रही है, जिसमें गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद हैं। सूत्रों के मुताबिक बैठक में छह अप्रैल को होने वाले तीसरे चरण के चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशियों के चयन पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
फ्रांस का अंतरिक्ष में सैन्य अभ्यास
आप ने जल-थल और नभ में सैन्य अभ्यास के बारे में तो सुना होगा लेकिन फ्रांस ने अंतरिक्ष में दुनिया का पहला सैन्य अभ्यास कर इतिहास रच दिया है। सोमवार से शुरू हुआ, यह सैन्य अभियान शुक्रवार को समाप्त हो गया। इस अभ्यास को एस्टरएक्स 2020-21 नाम दिया गया है, जो 1965 में छोड़ी गए फ्रांस के पहले सेटेलाइट के नाम पर है। इस अभ्यास में जर्मन और अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों ने हिस्सा में लिया। दरअसल फ्रांस अंतरिक्ष में सैन्य अभ्यास कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी स्पेस पावर बनना चाहता है।
यशवंत सिन्हा टीएमसी में शामिल
भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा आज कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। 27 मार्च से शुरू होने वाले चुनावों के लिए यह भाजपा के लिए बड़ा झटका है। वहीं इससे पहले टीएमसी के शुभेंद्र अधिकारी, दिनेश त्रिवेदी समेत कई बड़े नेता भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ज्ञातव्य है कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में वित्त एवं विदेश मंत्री रहे यशवंत सिन्हा काफी समय से मोदी सरकार के मुखर विरोधी रहे हैं।