नईदिल्लीलीक्स… देश में कोरोना संक्रमण के मामले 59 हजार के पार। पीएम मोदी बांग्लादेश की यात्रा पर। साथ में देश-विदेश की अब तक की खबरें।
कोरोना का फिर विकराल रूप
देश में कोरोना एक बार फिर विकराल रूप धारण करता जा रहा है। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 59 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले पांच महीने में देश में एक दिन में सबसे अधिक केस हैं। इस अवधि में 257 लोगों की जान भी गई है, जो इस साल की सर्वाधिक संख्या है। देश में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या चार लाख को पार कर गई है। कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या अब 1,18,46,652 हो गई गई है।
भारत बंदः दिल्ली में कई मेट्रो स्टेशन बंद
नए कृषि कानूनो के खिलाफ किसान संगठनों के आज भारत बंद के आह्वान का मिला-जुला असर पड़ा है। 12 घंटे के इस बंद के आह्वान पर दिल्ली के वैकल्पिक रास्ते आज बंद रहे। किसानों के बंद को देखते हे दिल्ली मेट्रो ने टीकरी बार्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया है। वहीं अमृतसर में किसानों ने रेलवे ट्रैक को जाम कर आक्रोश व्यक्त किया। देश के अन्य स्थानो से बंद का मिला जुला असर होने की सूचनाएं है।
भारत आ रहे इजरायली जहाज पर ईरान ने दागी मिसाइल
तंजानिया होकर भारत आ रहे इजरायल के जहाज पर ईरान की ओर मिसाइल दागी गई। हालांकि इस हमले में शिप को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। यह जहाज अपनी यात्रा को जारी रखे हुए है। ईरान औऱ इजरायल के बीच तनावपूर्ण संबंधों को लेकर इस हमले को देखा जा रहा है लेकिन अभी इजरायल ने इस मसले पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
पीएम मोदी ढाका पहुंचे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह ढ़ाका के राष्ट्रीय शहीद स्मारक पर पहुंचे, यहां पीएम मोदी ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही विजिटर बुक में अपना संदेश भी लिखा। पीएम मोदी बांग्लादेश की आजादी के पचास वर्ष पूरे होने पर यहां पहुंचे और वह यहां कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ एक पेड़ भी लगाएंगे। कोरोना काल के बाद पीएम मोदी की यह पहली विदेश यात्रा है।