आगरालीक्स… आगरा में नई टाउनशिप 138 हेक्टेयर में विकसित की जाएगी, टाउनशिप में आवासीय के साथ ही व्यावसायिक भू उपयोग के लिए लैंड बैंक तैयार किया जाएगा। फरवरी से किसानों की भूमि अधिग्रहण के लिए बैनामे शुरू हो जाएंगे।
आगरा शहर की आबादी बढ़ने के साथ ही नई टाउनशिप तैयार की जा रही है। ग्वालियर रोड पर ककुआ और भांडई के बीच में नई टाउनशिप तैयार करने के लिए 138 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इसके लिए 898 किसान तैयार हो गए हैं।
655 करोड़ रुपये से खरीदी जाएगी जमीन
नई टाउनशिप के लिए 898 किसानों की भूमि खरीदी जाएगी। किसानों को सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। 898 किसानों को 655 करोड़ मुआवजा 133 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा, इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। फरवरी से किसानों की जमीन का बैनामा शुरू हो जाएगा। 1044 किसानों की जमीन ली जानी है इसमें से 898 किसान भूमि देने के लिए तैयार हो गए हैं।
पांच करोड़ रुपये प्रति हेक्टेयर तक मुआवजा
ककुआ में सबसे ज्यादा मंहगी जमीन है यहां 1.25 करोड़ रुपये प्रति हेक्टेयर रेट हैं। ककुआ में किसानों को एक हेक्टेयर जमीन के लिए पांच करोड़ रुपये तक मुआवजा दिया जाएगा।
नई टाउनशिप में सभी सुविधाएं
एडीए द्वारा 138 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही नई टाउनशिप में सभी सुविधाएं होंगी। एडीए द्वारा रिहायशी और व्यावसायिक प्लाट उपलब्ध कराए जाएंगे। भूमि अधिग्रहण होने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।