आगरालीक्स…ओमिक्रॉन का अलर्ट. मध्यप्रदेश में नाइट कर्फ्यू लागू. पीएम मोदी बोले—हमें ज्यादा सतर्क और सावधान रहने की जरूरत
मध्यप्रदेश में क्रिसमस न्यू ईयर का जश्न अब घर में होगा
ओमिक्रॉन के देश में हर रोज बड़ी संख्या में केस मिलना शुरू हो गए हैं. गुरुवार को ही देश में करीब 65 ओमिक्रॉन संक्रमित मिले हैं. इसको लेकर केंद्र से लेकर राज्य सरकार ने भी चिंता जाहिर की है. कई राज्य सरकारों ने तो अपने यहां पाबंदियां लगाना भी शुरू कर दिया है. अब मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह सरकार ने प्रदेश में नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है. ये नाइट कर्फ्यू रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक रहेगा. इसके अलावा न्यू ईयर और क्रिसमस का जश्न भी लोगों को घर में रहकर ही मनाना होगा. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुंबई दिल्ली और गुजरात में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे है जिसके कारण हम मध्यप्रदेश में कोरोना को काबू में करने के लिए नाइट कर्फ्यू लगा रहे है. उन्होंने कहा कि आज गुरुवार रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक पूरे राज्य में नाइट कर्फ्यू रहेगा और आगे किसी भी तरह की आवश्यकता हुई तो हम कदम उठाएंगे.

पीएम बोले—सतर्क रहने की जरूरत
इधर गुरुवार को पीएम मोदी ने भी अधिकारियों के साथ ओमिक्रॉन और कोरोना के बढ़ते केसों को लेकर समीक्षा बैठक की. इसमें पीएम मोदी ने बढ़ते केसों पर चिंता जाहिर की और कहा कि हमें ज्यादा सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है. राज्य सरकारें जरूरत होने पर अपने—अपने हिसाब से पाबंदियां लगा सकती हैं.