आगरालीक्स…आगरा में सेना भर्ती की लिखित परीक्षा 15 को. कल रात को 11 बजे खुलने वाली नो एंट्री इन मार्गों पर नहीं खुलेगी. यहां से नहीं गुजर सकेंगे भारी वाहन
15 जनवरी को आगरा के एकलव्य स्टेडियम में होने जा रही सेना भर्ती की लिखित परीक्षा को ध्यान में रखते हुए आगरा की यातायात पुलिस ने 14 जनवरी की रात 11 बजे खुलने वाली नो एंट्री को बंद रखने का निर्णय लिया है. यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 14 जनवरी को रात 11 बजे खुलने वाली नो एंट्री भगवान टाकीज चौराहा से क्लब चौराहा तक, फूल सैयद चौराहा से क्लब चौराहा तक एवं रोहता नहर चौराहा से क्लब चौराहा तक नहीं खोली जाएगी. इस दौरान उपरोक्त तीनों मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा.

ग्वालियर से आने वाले भारी वाहन जिनको फिरोजाबाद, एटा, हाथरस की ओर जाना है वह सभी भारी वाहन रोहता नहर चौराहा से दिगनेर पुलिया से एकता चौकी से तोरा चौकी से रमाडा से इनर रिंग रोड होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे. जयपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन जिनको फिरोजाबाद, एटा, अलीगढ़ की ओर जाना है वह वाहन एनएच 19 होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे. अलीगढ़, एटा, फिरोजााबद की ओर से आने वाले सभी भारी वाहन इनर रिंग रोड या एनएच 19 होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे. एनएच 19 पर आवागमन करने वाले सभी भारी वाहनों के लिए यथावत चलता रहेगा. एमजी रोड, माल रोड एवं आगरा ग्वालियर रोड पर रोहता नहर चौराहा से क्लब चौराहा तक पर्याप्त संख्या में पुलिसबल लगाकर भारी वाहनों को डायवर्जन कर अन्य वैकल्पिक मार्गों से गंतव्य की ओर भेजा जाएगा.