आगरालीक्स… टी-20 वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड ने आज वनडे सीरीज के पहले मैच में डेविडमलान के शतक की बदौलत आस्ट्रेलिया को जीत के लिए 288 रन की चुनौती दी है।
टी-20 और वनडे की विश्व चैंपियन है इंग्लैंड
टी-20 और वनडे की एक ही समय में वर्ल्ड चैंपियन इंग्लैंड की टीम ने अभी हाल में टी-20 का खिताब जीतने के बाद आस्ट्रेलिया में तीन मैचों की आज से वनडे सीरीज की शुरुआत की है। आस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने आज टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया।
आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को दिए शुरुआती झटके
आस्ट्रेलिया का टॉस जीतने का लाभ भी मिला और इंग्लैंड के दोनों ओपनर जेसन राय 6 रन और सॉल्ट को 14 रन पर चलता कर दिया, लेकिन एक छोर पर डेविड मलान जम गए। दूसरे छोर से इंग्लैंड के बल्लेबाज छोटा-छोटा योगदान देकर चलते बने। आखिर में डेविड विली ने 34 रन का योगदान दिया।
मलान ने जड़ा शानदार शतक
डेविड मलान 128 गेंदों में चार छक्के और 12 चौके लगाने के बाद 134 रन के स्कोर पर एडम जम्पा के हाथों आउट हुए। इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 287 रन का स्कोर खड़ा किया है। आस्ट्रेलिया की ओर से पैट कमिंस और एडम जम्पा ने तीन-तीन विकेट लिए। मिचेल स्टार्क और स्टोइनिस के हाथ-एक-एक सफलता लगी। आस्ट्रेलिया ने इसके जवाब में समाचार लिखे जाने तक दस ओवर में बिना विकेट खोये 66 रन बना लिए थे।