आगरालीक्स… यात्रीगण कृपया ध्यान दें… ट्रेन में आप 10 मिनट में आप अपनी सीट पर नहीं पहुंचे तो दूसरे यात्री को मिल जाएगी आपकी सीट।
टिकट चेकिंग के लिए हैंडहेल्ड डिवाइस का उपयोग
टीटीई ट्रेनों में अब टिकट चेकिंग के लिए हैंडहेल्ड डिवाइस का उपयोग कर रहे हैं। इन डिवाइस में अब यात्री की उपस्थिति दर्ज कराने का समय निर्धारित कर दिया गया है। यात्री को ट्रेन छूटने के 10 मिनट में अपनी सीट पर पहुंचना होगा।
ऑटोमेटिक वेटिंग-आरएसी टिकट कन्फर्म होंगे

टीटीई को भी इतने ही समय में यात्री की उपस्थिति को डिवाइस में दर्ज करना है। यदि यात्री 10 मिनट में सीट पर नहीं मिलता है तो आटोमेटिक ही वेटिंग और आरएसी टिकट कन्फर्म हो जाएंगे। वहीं सीट पर नहीं मिलने वाले यात्री को ट्रेन में सवार न होना मान लिया जाएगा।
जिस स्टेशन से बुकिंग, उसी से चढ़ना होगा अनिवार्य
नई व्यवस्था के अंतर्गत ट्रेन छूटने के बाद टिकट जांच के समय आरक्षण टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी सीट या बर्थ पर उपस्थित होना अनिवार्य हो गया है। यात्री को जिस स्टेशन से यात्रा करनी है, उस स्टेशन पर ही ट्रेन में चढ़ना होगा। यात्री के सीट पर नहीं मिलने पर अनुपस्थिति दर्ज कर सीट या बर्थ अन्य यात्री को आवंटित की जाएगी।
टीटीई सीट के लिए एक-दो स्टेशन का नहीं करेंगे इंतजार
अभी तक मैनुअल टिकट जांच के दौरान टीटीई सीट या बर्थ पर एक से दो स्टेशन तक यात्री की प्रतीक्षा कर लेते हैं। एक स्टेशन के बाद पहुंचने पर भी यात्री को उपस्थित मान लिया जाता है। यात्री के पहुंचने के बाद टीटीई आरक्षण चार्ट में करेक्शन कर देते हैं। इसका फायदा उठाते हुए यात्री भी अपनी सीट के बजाय दूसरे कोच में कहीं बैठे रह जाते हैं, लेकिन अब ऐसा करना संभव नहीं होगा।