आगरालीक्स…आगरा में त्योहार मनाकर लौटने लगे लोग. बस, ट्रेन सभी जगह भीड़. कई जगह तो बसों का इंतजार करते रहे लोग
दिवाली का त्योहार अब समाप्त हो गया है. ऐसे में लोगों की छुट्टियां भी खत्म हो गई हैं. लोगों का फिर से अपने काम पर लौटना शुरू हो गया है. भाईदूज मनाकर बहनें भी अब अपने ससुराल की ओर जाने लगी हैं. हंसी—खुशी के ये दिन अपनों के साथ अच्छे बिताकर लोग अब फिर से अपनी दिनचर्या में लौट रहे हैं. इसका नजारा शहर के रेलवे स्टेशनों और बस स्टॉपेज पर दिखाई दिया. आगरा कैंट रेलवे स्टेशन हो या फिर राजा की मंडी, या आगरा फोर्ट हर स्टेशन पर लोगों की भीड़ दिखाई दी. जिन लोगों ने पहले से टिकट की बुकिंग कर रखी थी उन लोगों को तो कोई खासी परेशानी नहीं हुई लेकिन जो लोग बिना रिजर्वेशन के जा रहे थे, उन्हें ट्रेन में सीट नहीं मिली और भीड़ के साथ ही जाना पड़ा.
इधर शहर के बस स्टैंड पर भी सुबह से ही भीड़ लगी हुई है. आगरा से दिल्ली और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले लोगों की काफी संख्या आईएसबीटी पर दिखाई दी. जो भी बस दिल्ली की ओर जाती वो तुरंत ही फुल हो रही थी. कई लोगों को तो इस कारण परेशानी भी हुई, खासकर उन्हें जिनके साथ पत्नी तथा बच्चे थे. इसके अलावा ईदगाह बस स्टैंड, बिजलीघर पर भी लोगों की खासी भीड़ दिखाई दी. शहर का पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी फुल दिखाई दिया. आगरा के भगवान टाकीज से रामबाग जाने वालों की भीड़ कुछ ज्यादा थी. इसके अलावा सिकंदरा व ग्वालियर रोड की ओर जाने वाले आटो व रिक्शा भी फुल दिखाई दिए.