आगरालीक्स…(13 January 2022 Agra News) आगरा में मेट्रो किस तरह से लोगों के लिए बेहतर साबित होगी. इसके लिए लोगों से उनके सुझाव मांगे जाएंगे. इस तारीख से शुरू हो रहा सर्वे…
शहरवासियों की भागीदारी होगी अहम
रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनोमिक सर्विस (राइट्स) द्वारा आगरा मेट्रो रेल परियोजना के लिए सामाजिक प्रभाव आकलन अध्ययन का आयोजन किया जाएगा। इस अध्ययन की शुरूआत फरवरी, 2022 से की जाएगी। इस अध्ययन के दौरान आगरा मेट्रो से जुड़े विभिन्न लोगों से बातचीत कर उनके विचारों को जाना जाएगा। आगरा मेट्रो को शहरवासियों के लिए और अधिक बेहतर बनाने के लिए इस अध्ययन में प्राप्त विचारों को परियोजना में शामिल किया जाएगा।
राइट्स द्वारा किया जाएगा अध्ययन
बता दें कि आगरा मेट्रो रेल परियोजना के लिए, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटिड की ओर से राइट्स द्वारा सामाजिक प्रभाव आकलन अध्ययन आयोजित करेगा। जिसके लिए परियोजना स्तर पर सार्वजनिक परामर्श, जनगणना और सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण आयोजित किया जाएगा। इस अध्ययन में जनता की भागीदारी सबसे अहम होगी। सर्वेक्षण और परामर्श फरवरी, 2022 से शुरू किया जाएगा।

इनके साथ किया जाएगा सर्वे
इस अध्ययन के दौरान राइट्स की सामाजिक सर्वेक्षण टीम सरकारी विभागों, नागरिकों, परियोजना से प्रभावित लोगों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों, सांस्कृतिक और विरासत कल्याण संघों, ट्रेड यूनियन/मार्केट प्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों, वैज्ञानिकों, समुदाय आधारित संगठन, गैर सरकारी संगठनों सहित परियोजना के हितधारकों, आदि के साथ बातचीत करेगी ।
आगरा मेट्रो पर एक नजर
गौरतलब है कि ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा. जिसमें 6 एलीवेटेड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे. इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे।