आगरालीक्स ..आगरा में शराबियों से परेशान होकर मकान बिकाऊ के पोस्टर लगाने पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची, अवैध दुकानें हटाई, लोगों को भरोसा दिलाया कि कोई परेशान नहीं करेगा।
गुरुवार दोपहर में एडीएम सिटी केपीए सिंह और एसपी सिटी प्रशांत वर्मा शहीद नगर तिराहे पर पहुंचे। यहां शाम होते ही शराब और नॉनवेज की दुकान पर लोग खडे हो जाते हैं, शराब पीकर हंगामा करते हैं, इससे स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्होंने तिराहे से अवैध दुकान और जिन दुकानों के बाहर अतिक्रमण था, उसे हटवा दिया। साथ ही शराब पीकर हंगामा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
यह है मामला

शहीद नगर तिराहे पर दुकानें, रेस्टोरेंट के साथ शराब की दुकानें खुल गई हैं, इसके पास ही एडीए की कॉलोनी है। शाम होते ही तिराहे पर शराबियों की भीड लग जाती है, यह हंगामा करते हैं, शराब पीने के बाद वहीं गिर जाते हैं। इससे तिराहे के पास एडीए कालोनी में रहने वाले लोग दहशत में रहते हैं। शाम को महिलाओं ने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है।
मीडिया से यह है कहना
यहां की निवासी शमा का मीडिया से कहना है कि शराबी आ जाते हैं, घर के बाहर खडा होने से मना करने पर लडने लगते हैं। इन हालात में मकान बेचने के अलावा कोई विकल्प ही नहीं बचा है।
क्षेत्रीय निवासी पूनम का कहना है कि मकानों के आगे लोग जमा हो जाते हैं। बहुत परेशानी होती है।
सोशल मीडिया पर पोस्टर हो रहे वायरल
मकान बिकाऊ के पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, इस पर लोगों की टिप्पणी भी आ रही हैं।