आगरालीक्स…..ट्रायल में वैक्सीन लगवाने वाले छह माह तक नहीं कर सकेंगे फैमिली प्लानिंग. शराब से भी रहना होगा दूर. एम्स में आगरा के प्रशांत को थर्ड ट्रायल में लगी वैक्सीन. शेयर किए अनुभव.
ट्रायल के लिए किया अप्लाई
आगरा के मधुनगर में रहने वाले प्रशांत गोस्वामी का कहना है कि वे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं. एक दिन उन्हें मीडिया सोर्सेज के जरिए पता चला कि एम्स में वैक्सीन का थर्ड ट्रायल चल रहा है और इसमें कोई भी अप्लाई कर सकता है. इस पर प्रशांत ने प्रोसेसिंग के जरिए अप्लाई कर दिया. उन्होने बताया कि कुछ दिन बाद उनके फोन पर एम्स दिल्ली से फोन आया और कहा कि उनसे दिल्ली आकर वैक्सीन के ट्रायल में शामिल होने को कहा.
20 दिसंबर को गए दिल्ली
एम्स के जरिए उनके मेल पर जानकारी दी गई कि वह वैक्सीन ट्रायल के लिए अपनी सुविधानुसार किसी भी समय दिल्ली आ सकते हैं. इस पर प्रशांत बीते सोमवार 20 दिसंबर को दिल्ली एम्स पहुंच गए. यहां डॉक्टरों ने प्रशांत से उनके बारे में सारी जानकारी ली और वैक्सीन के ट्रायल में भाग लेने के लिए हौसला भी बढाया.
कोरोना टेस्ट हुआ
प्रशांत के अनुसार एम्स में उनके कोविड 19 के अलावा बीपी, शुगर आदि की भी जांचें की गर्इं. उनसे पूछा गया कि उनका कुछ उपचार तो नहीं चल रहा है या फिर शरीर में कोई रोग आदि तो नहीं है. सारी बातों से संतुष्ट होने पर प्रशांत को वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई. प्रशांत ने बताया कि आधा घंटे के अंदर उन्हें वैक्सीन लगा दी गई.
डॉक्टरों ने ये दिए सुझाव
प्रशांत के अनुसार डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि वह वैक्सीन लगवाने के छह माह तक किसी भी तरह की फैमिली प्लानिंग नहीं कर सकते और न ही एल्कोहल ले सकते हैं. इसके अलावा उन्हें बताया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर वह तुरंत कॉन्टेक्ट करें.
हर दिन लेते हैं डॉक्टर्स हेल्थ अपडेट
प्रशांत का कहना है कि दो दिन हो गए वैक्सीन को लगे हुए, उन्हें अभी तक किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई है. हर दिन सुबह और शाम को एम्स के डॉक्टर्स उन्हें फोन कर उनकी हेल्थ अपडेट लेते हैं. प्रशांत के अनुसार डॉक्टर्स उन्हें इस तरह सात दिन तक रेगुलर अपडेट लेंगे.