आगरालीक्स…आपका तो जलवा है दीप्ति शर्मा…आगरा की क्रिकेटर दीप्ति शर्मा की राष्ट्रपति ने भी की तारीफ. विश्व कप विजेता टीम से मिलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
महिला वनडे विश्व कप की विजेता भारतीय टीम की इस समय तारीफों पर तारीफ की जा रही है. एक दिन पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सभी चैम्पियन खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की तो वहीं आज गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी विश्व विजेता टीम से मुलाकात की और सभी की तारीफ की. उन्होंने आगरा की दीप्ति शर्मा की भी जमकर तारीफ की और विश्व कप फाइनल में उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आपका तो जलवा है.
गुरुवार को राष्ट्रपति भवन पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की. राष्ट्रपति ने सभी खिलाड़ियों से एक—एक कर मुलाकात की और सभी खिलाड़ियों ने अपना परिचय दिया. उन्होंने दीप्ति से कहा कि आपके नाम का जलवा है. पूरे देश में आपके शानदार प्रदर्शन की चर्चा है और यह कहते हुए आगे बढ़ गईं. दीप्ति भी यह सुनकर खुश हो गईं.
पीएम ने भी की तारीफ—हनुमान टैटू पर कही ये बात
एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी विश्व विजेता टीम से मुलाकात की. इस दौरान दीप्ति शर्मा ने कहा कि वह प्रधानमंत्री से मिलने का बेसब्री से इंतज़ार कर रही थीं। उन्होंने 2017 में हुई अपनी मुलाक़ात को याद किया, जब प्रधानमंत्री ने उनसे कहा था कि वे कड़ी मेहनत करते रहें और तभी वे अपने सपने पूरे करेंगी. प्रधानमंत्री ने कहा कि दीप्ति शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जय श्री राम लिखा है और उनके हाथ पर भगवान हनुमान का टैटू है.इस पर दीप्ति ने कहा कि इससे उन्हें शक्ति मिलती है.