आगरालीक्स.. आगरा में हॉस्पिटल में छापे मारे जा रहे हैं, निजी अस्पतालों का बुरा हाल है, इलाज के लिए डॉक्टर नहीं हैं, चार हॉस्पिटल में मरीज भर्ती करने पर रोक लगा दी है, एक लैब को सील करने की संस्तुति की है।
गुरुवार को टीम ने लीलावती हॉस्पिटल, आवास विकास में पंजीकरण में दर्शाए गए कर्मचारी नहीं मिले। यहां दो कर्मचारी मिले, वे भी अप्रशिक्षित थे। ऑपरेशन थिएटर में खून बिखरा हुआ था, ग्लब्स पड़े हुए थे। यहां 5 जीवनरक्षक इंजेक्शन एट्रोपिन एक्सपायर मिले, वार्ड में भर्ती मरीजों की डायग्नोसिस नहीं लिखी हुई थी। ऑपरेशन के बाद बेड हेड टिकट बीएचटी पर डॉक्टर और एनेस्थीसिया के डॉक्टरों के नोट नहीं लिखे थे। कमियों के लिए नोटिस दिया गया है, दो दिन में जवाब न देने पर पंजीकरण निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संगम हॉस्पिटल, मंजू नगर यमुना पार में छापा मारा। यहां संचालक केपी यादव और डॉ. एसके गुप्ता मिले। एक मरीज भर्ती था, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित अन्य प्रमाण पत्र दिखाने के साथ सुधार को नोटिस दिया है।
इनके मरीज भर्ती करने पर रोक
श्री बांके बिहारी जी हॉस्पिटल, कारगिल पेट्रोल पंप के संचालक ललितेश कुमार वार्ड में भर्ती मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर की जानकारी नहीं दे सके। मरीजों को भी डॉक्टर के बारे में पता नहीं था। पूर्णकालिक डॉक्टर महेश कुमार उपलब्ध नहीं थे। यहां दौरे आने पर भर्ती राजेंद्र सिंह, मरीज प्रियंका और मुन्नी की बीएचटी खाली थी। हॉस्पिटल में मरीज भर्ती करने पर रोक लगा दी है। पंजीकरण निरस्त करने की संस्तुति की गई है।
संस्कार हॉस्पिटल, कारगिल पेट्रोल पंप बेसमेंट में चल रहा था। बेसमेंट में बने वार्ड में फर्श पर चूहे घूम रहे थे, यहां आठ बेड स्वीकृत हैं और 10 बेड डाल रखे थे। संचालक भुवनेश कुमार भर्ती मरीजों की संख्या को लेकर गुमराह करता रहा। एक मरीज की बीएचटी तक नहीं बनी थी, गंदगी और बायोमेडिकल वेस्ट बिखरा पड़ा था। मरीज भर्ती करने पर रोक लगाते हुए पंजीकरण निरस्त करने की संस्तुति की गई है।
डॉ. पीके शर्मा ने बताया कि मंगलम हॉस्पिटल, मंडी समिति यमुना पार में आइसीयू में राउंड लेते हुए दया शंकर गुप्ता मिले। पूछताछ में उन्होंने खुद को हॉस्पिटल का संचालक बताया, यहां कोई डॉक्टर नहीं था, वार्ड में दो मरीज भर्ती थे। यहां एक इंजेक्शन खुला हुआ मिला, पूर्ण कालिक डॉक्टर सुप्रिया गुप्ता को बुलाने के लिए कहा। एक घंटे तक टीम ने इंतजार किया लेकिन वे नहीं आईं। हॉस्पिटल से मरीजों को शिफ्ट करने के साथ नए मरीजों की भर्ती पर रोक लगा दी है। पंजीकरण को निरस्त करने की संस्तुति की है।
टीम ने श्री गोपाल हॉस्पिटल, यमुना पार में छापा मारा, यहां कोई मरीज भर्ती नहीं था। सुपरवाइजर विक्रम सिंह से बीएचटी दिखाने के लिए कहा, यहां 14 मई को मरीज नितिन डिस्चार्ज करने का रिकॉर्ड मिला है। इसका इलाज डॉ. कृष्ण गोपाल शर्मा द्वारा किया गया। मरीज भर्ती करने पर रोक लगाते हुए हॉस्पिटल का बोर्ड हटाने के निर्देश दिए हैं।
पैथोलॉजी लैब होगी सील
क्वालिटी पैथोलॉजी लैब, पाठक मार्केट शाहगंज बोदला रोड का संचालक राकेश कुमार अग्रवाल इंटरमीडिएट पास था। उसने लैब का पंजीकरण नहीं कराया, आइएमए के एक पूर्व पदाधिकारी के नाम से लैब संचालित कर रहा था। लैब से पर्चे जब्त किए गए हैं, सील करते हुए कार्रवाई की संस्तुति की है।