आगरालीक्स…#समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा—विकास बनाम विनाश की लड़ाई का है ये चुनाव. अखिलेश विकास के तो योगी विनाश के पर्यायवाची…
यूपी में विधानसभा चुनाव का पहला चरण समाप्त हो चुका है. सभी राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों का फोकस अब दूसरे चरण में शामिल जिलों में है. शुक्रवार को फिरोजाबाद के जसराना में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ने अखिलेश यादव और योगी के पर्यायवाची बताए. उन्होंने कहा कि यूपी का ये चुनाव विकास बनाम विनाश की लड़ाई का चुनाव है. इसमें अखिलेश यादव जहां विकास के पर्यायवाची हैं तो वहीं योगी विनाश के पर्यायवाची. प्रो. यादव ने योगी सरकार को कटघरे में लेते हुए कहा कि कोरोना काल में सरकार न तो दवाएं उपलब्ध करा सकी और न आक्सीजन. कोरोना से मरने वालों के लिए जिम्मेदार सिर्फ भाजपा है.

समाजवादी पार्टी प्रत्याशी सचिन यादव के समर्थन में गांव झपारा में जनसभा को संबोधित करते हुए रामगोपाल यादव ने कहा कि पहले चरण की वोटिंग में सपागठबंधन को सफलता मिलती देख विरोधियों में हड़कंप मच गया है. उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर किसान, नौजवान, महिलाओं और छात्रों को उनका अधिकार मिलेगा. आमजन को तीन सौ यूनिट बिजली हर महीने मुफ्त मिलेगी. उन्होंने कहा कि यहां 20 फरवरी को होने वाले मतदान में सपा सरकार बनाने के लिए सचिन यादव को वोट दें.