आगरालीक्स…बांकेबिहारी मंदिर में रंगोत्सव की तैयारियां. 10 से 13 मार्च तक मनाया जाएगा रंगीली होली महोत्सव. ठंडाई,चाट और जलेबियों का भोग लगेगा ठाकुर जी को
वृंदावन के श्रीठाकुर बांकेबिहारी जी की महिमा अपरम्पार है. देश के कोने—कोने से भक्त ठाकुर जी के दर्शन के लिए यहां हजारों की संख्या में आते हैं लेकिन खास अवसर पर यहां लाखों की भीड़ पहुंच जाती है. अब ठाकुर श्री बांकेबिहारी में रंगोत्सव की तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं. 10 से 13 मार्च तक यहां रंगीली होली महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाएगा जिसमें ठाकुर जी को ठंडाई,चाट और जलेबियों का भोग लगाया जाएगा.
बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत और श्री हरिदास पीठाधीश्वर इतिहासकार आचार्य प्रहलाद बल्लभ गोस्वामी ने बताया कि होली उत्सव के दौरान श्री बांके बिहारी जी महाराज को तीनों आरतियों के समय अलग—अलग स्वाद, स्वरूप और सुगंध वाली ठंडाई का भोग लगाया जाएगा. होलिकोत्सव के अवसर पर ठाकुर जी 10 बार पोशाक बदलेंगे. ये सभी पोशाकें सफेद रंग की होंगी. होली के अगले दिन डोलोत्सव पर आराध्य प्रभु महाराजा स्वरूप में दश्रन प्रदान करेंगे. उत्सव में सभी समय ठाकुर जी मंदिर जगमोहन में भव्य सिंहासन पर विराजमान होंगे.