आगरालीक्स…(16 November 2021 Agra News) आगरा में 72 साल की बुजुर्ग महिला के साथ रेप. बहाने से कमरे में बुलाया, बंधक बनाकर किया रेप. पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट
काम दिलाने के बहाने ले गया कमरे पर
आगरा में 72 साल की एक बुजुर्ग महिला के साथ रेप का मामला सामने आया है. आरोपी उसे बहाने से अपने मकान पर ले गया और वहां बंधक बनाकर उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया. पीड़िता की बेटी ने इस संबंध में थाना जगदीशपुरा में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है. जानकारी के अनुसार 72 साल की वृद्धा थाना सिकंदरा क्षेत्र की रहने वाली है. बीती 14 नवंबर को वह किसी काम से बोदला गई थी. वहां पर उसे एक 52 साल का व्यक्ति मिला. उसने महिला से शादी में पूड़ी बेलने के लिए चलने को कहा. इस पर महिला राजी हो गई.
बंधक बनाकर किया रेप
आरोपी व्यक्ति महिला को अपने साथ बिचपुरी रोड स्थित शिव विहार कॉलोनी में अपने मकान पर ले गया. मकान में कोई नहीं था. इस पर महिला ने शादी कहां होने की बात कही तो आरोपी ने उसे कमरे में बंद कर लिया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. सोमवार सुबह महिला किसी तरह वहां से बाहर निकल गई लेकिन रास्ते में बेहोश हो गई. इधर वृद्धा के रातभर घर न आने पर परिवार के लोग चिंतित थे. पुलिस से जब वृद्धा के बेहोश मिलने की जानकारी परिजनों को हुई तो वो वहां पहुंचे. बाद में होश आने पर वृद्धा ने अपने साथ हुई घटना के बारे में जानकारी दी. वृद्धा के बताए गए रास्ते पर पुलिस आरोपी के घर पहुंची. उसका नाम विकास शर्मा बताया गया है. पुलिस ने बेटी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया. इधर पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया और आरोपी को अरेस्ट कर मुकदमा दर्ज करने के बाद उसे जेल भेज दिया.