आगरालीक्स… आगरा में पिंक मूवी की तरह रीयल लाइफ में एक छात्रा के साथ छेडछाड का मामला सामने आया है। पुलिस ने पूरा मामला ही बदल दिया, एसएसपी से शिकायत के बाद मामले की जांच की जा रही है।
24 सितंबर शनिवार को आगरा के आरबीएस डिग्री कॉलेज में एमकॉम में प्रवेश लेने के लिए छात्रा गई थी। दोपहर में वह कॉलेज के गेट से बाहर निकली, वहां दो युवक खडे हुए थे, उन्होंने छात्रा का हाथ पकड लिया। इस पर युवकों से छात्रा भिड गई, वे उसे सफारी गाडी में खींचने लगे। छात्रा को गाडी में खींचने पर उसके कपडे फट गए, छात्रा और उसके फ्रेंडस ने शोर मचा दिया। कॉलेज के बाहर छात्रों की भीड थी, खुद को घिरता देख युवक गाडी से भाग गए। इससे छात्रा दहशत में आ गई। छात्रा हरीपर्वत थाने पहुंची, तहरीर दी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस की जांच में आई नई कहानी
पुलिस ने कुछ ही घंटे में छात्रा से कॉलेज के बाहर हुई छेडछाड की जांच कर ली और एक नई कहानी सामने आ गई। हरीपर्वत पुलिस ने मीडिया को बताया कि छात्रा के साथी को आरोपी युवकों से विवाद चल रहा था। इसलिए छात्रा ने छेडछाड की कहानी बनाई थी, जबकि ऐसी कोई घटना शनिवार को कॉलेज के आस पास नहीं हुई है।
एक दिन पहले की तहरीर पर एनसीआर दर्ज
इस मामले में पुलिस के रिकॉर्ड में शुक्रवार को एक तहरीर पर एनसीआर भी दर्ज की गई है, इसमें पुलिस ने जिन युवकों को छात्रा का साथी बताया है, उन पर आरोपी युवकों के साथ मारपीट करने के आरोप हैं।
एसएसपी से की शिकायत
छात्रा का कहना है कि वह किसी को नहीं जानती है, पुलिस ने झूठी कहानी बना दी है। इस मामले में पुलिस ने एसएसपी डॉ प्रीतिंदर सिंह से शिकायत की, उनके द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है।
ये है पिंक मूवी की स्टोरी
मूवी में तीन युवतियां जो एक साथ रहती हैं और अलग अलग कंपनी में काम करती हैं। उनका एक दोस्त युवतियों की मुलाकात रईसजादों से कराता है, वे उसे डिनर पर ले जाते हैं और छेडछाड करते हैं, युवतियां विरोध करती हैं। इस पर युवती एक रईसजादे के सिर में बोतल मार देती है। इस मामले में युवती मुकदमा दर्ज कराती है, पुलिस इस मामले में नई कहानी लेकर आती है और एक दिन पहले रईसजादों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर युवतियों को आरोपी बना दिया जाता है। अमिताभ बच्चन जो एडवोकेट दीपक सेहगल के किरदार में हैं, वह मुकदमा लडते हैं और अपनी दलीलों से रईसजादों की काली करतूत को सामने लाते हैं, इसके बाद युवतियों पर लगे आरोप झूठे साबित होते हैं और रईसजादों को सजा सुनाई जाती है।
Leave a comment