आगरालीक्स…17 दिन में चीनी 46 रुपये से 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंची. त्योहार से पहले महंगाई ने उड़ाए होश. तेल, चावल और ड्राईफ्रूट्स भी हुए महंगे
त्योहार से पहले ही महंगाई ने लोगों के होश उड़ा दिए हैं. लोगों की रसोई का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है. सबसे ज्यादा तो चीनी के दाम लोगों को चौंका रहे हैं. 17 दिन पहले चीनी के दाम 46 रुपये किलो थे लेकिन अब वो इस समय 65 रुपये किलो हो गए हैं. चीनी के बढ़ते दामों ने बाजार में हलचल मचा दी है. कारोबारी भी भाव चढ़ने के इस तरीके से हैरत में है और सरकारी दखल की मांग कर रहे हैं. आगरा में कारोबारी मोहित का कहना है कि पिछले दो सप्ताह में हर दूसरे दिन दाम बढ़े हैं. एक अगस्त को चीनी के दाम पहली बार थोक में चार से पांच रुपये बढ़े थे तब भोक भाव 49 रुपये और फुटकर में 50रुपये प्रति किलो चीनी था लेकिन 17 अगस्त को सोमवार को भाव में तेजी आई है.
तेल, चावल के दाम भी बढ़े
चीनी के दामों ने होश उड़ा दिए हैं लेकिन तेल और चावल के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं. इससे त्योहार से पहले ही लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है. सरसों का तेल 15 से 20 रुपये किलो महंगा हो गया है. बाजार में सरसों का तेल पहले 170 रुपये किलो था जो बढ़कर अब 190 रुपये प्रति किलो हो गया है. इसी तरह 50 रुपये किलो मिलने वाला चावल अब 70 से 80 रुपये प्रति किलो हो गया है. दालों पर भी पांच से 10 रुपये प्रति किलो की बढ़त हुई है.