अलीगढ़लीक्स… (18 june ) । शहर के मकदूम नगर से दो शातिर रोहिंग्या को एटीएस ने गिरफ्तार किया है। ये रोहिंग्या सोने की तस्करी कर रहे थे। इनके पास से सोने के बिस्कुट भी बरामद हुए हैं।
एटीएस को मिली कामयाबी
नगर कोतवाली के मोहल्ला मकदूम नगर पीपल वाली गली में दो लोगों के अवैध रूप से बिना किसी दस्तावेज के रहने की लखनऊ एटीएस को जानकारी हुई। एटीएस ने स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को दबोच लिया।
सोने के बिस्कुट व संदिग्ध कागजात मिले
दोनों की पहचान मो. रफीक पुत्र हुसैन स्थाई पता ग्राम-मरिक्कम मांगडू, म्यांमार, मो. आमीन पुत्र हुसैन स्थाई पता ग्राम-मरिक्कम मांगडू, म्यांमार के रूप में हुई। इनके पास से 6 सोने के बिस्किट, दोनों पर यूएनएचआरसी से जारी कार्ड, एक मोबाइल व 770 रुपये बरामद हुए।
नौ साल से रहकर मीट फैक्ट्री में कर रहे थे नौकरी
पुलिस के मुताबिक दोनों पिछले 9 साल से अवैध रूप से जाली दस्तावेजों के सहारे भारत आकर यहां रह रहे थे और मीट फैक्टरी में नौकरी कर रहे थे। दोनों के पास से कुछ प्रपत्र मिले हैं,जिनकी जांच की जा रही है। रोहिंग्या से मिले सोने के बिस्किट को लेकर सोना तस्करी का अंदेशा व्यक्त किया जा रहा है। फिलहाल दोनों को लखनऊ ले जाया गया है।
स्थानीय पुलिस ने चलाया अभियान
रोहिंग्या की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय पुलिस ने भी अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या को पकड़ने के लिए अभियान छेड़ दिया है। पुलिस दो रोहिंग्या को पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है। अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध लोगों के बारे में पुलिस ने लोगों से सूचना देने को भी कहा है।