आगरालीक्स…स्कूल खोलने को लेकर एसओपी जारी…आगरा के काॅन्वेंट-मिशनरी स्कूल संचालकों ने क्या कहा-कब से खुलेंगे स्कूल. अभिभावकों से भी लेंगे अनुमति
डाॅ. सुशील गुप्ता, प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल
स्कूल खुलने के आदेश पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अप्सा के अध्यक्ष डाॅ. सुशील गुप्ता ने कहा कि वे सरकार के इस निर्णय से अत्यंत प्रसन्न हैं. छात्र विद्यालयों के प्राण होते हैं, उनके बिना विद्यालयों में सन्नाटा पसरा हुआ था. कोरोना के कारण लंबे समय से घर में रहने के कारण उदासीन एवं एकाकी जीवन जी रहे बच्चे सरकार के इस आदेश से फिर से मुस्कराने और शारीरिक तथा मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हुए अपनी सामान्य दिनचर्या शुरू कर सकेंगे. स्कूल सरकार के आदेशानुसार उसी डेट से खोले जाएंगे. विद्यालयों में आफलाइन सत्रांत परीक्षा आयोजित की जा सकेंगी, जिससे छात्रों का मूल्यांकन उचित रूप से हो सकेगा. उन्होंने कहा कि अप्सा का प्रत्येक स्कूल कोविड प्रोटोकाॅल का पालन करेगा.

रामानंद चौहान, सुमित राहुल पब्लिक स्कूल
स्कूल खोलने का सरकार का आदेश काफी प्रशंसनीय है. सरकार की तरफ से जो भी आदेश हैं उनका पूरा पालन किया जाएगा. हमारी कोशिश है कि सरकार ने स्कूल खोलने को लेकर जो डेट जारी की है, उसी के अनुरूप स्कूल खोले जाएंगे. हालांकि बात बच्चों की है तो इससे पहले हम पेरेंट्स की अनुमति भी लेंगे, जिससे किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो. हमारे पास तो पहले से ही कई पेरेंट्स की रिक्वेस्ट थी कि उनके बच्चे भी स्कूल जाएं, ऐसे में सरकार का ये निर्णय काफी अच्छा है. बच्चे स्कूल आएंगे तो उनका पूरा ध्यान रखा जाएगा. गाइडलाइंस का पालन किया जाएगा.
संजय अग्रवाल-माही इंटरनेशनल स्कूल
स्कूल खोलने का निर्णय सरकार का बहुत सही है. बच्चों के लिए ये काफी अच्छी बात है. सरकार द्वारा जो डेट जारी की गई है उसी के अनुरूप स्कूल खोले जाएंगे. हमारी संस्था भी इस पर निर्णय लेगी. बाकी बच्चों को स्कूल भेजने से पहले पेरेंट्स की अनुमति जरूर ली जाएगी. अगर वह आनलाइन आॅप्शन चाहेंगे तो उन्हें इसकी सुविधा भी दी जाएगी. वैसे बच्चों का स्कूल आना उनकी एक्टिविटी और एजूकेशन के लिए बेहतर है.
चौधरी बीरी सिंह इंटर काॅलेज-दयालबाग
दयालबाग के चौधरी बीरी सिंह इंटर काॅलेज के रनवीर सिंह का कहना है कि स्कूल खोलने का निर्णय काफी अच्छा है. सरकार ने जो डेट डिसाइड की है उससे ही बच्चों को स्कूल आने के लिए कहा जाएगा. अगर कोई पेरेंट्स अपने बच्चों को स्कूल भेजना नहीं चाहते और आॅनलाइन ही पढ़ाई करवाना चाहते हैं तो हम आॅनलाइन पढ़ाई का आॅप्शन जारी रहेगा. सरकार जो भी आदेश करेगी उसका पूरा पालन किया जाएगा.
एसएस यादव-शिवालिक स्कूल
सरकार का अच्छा निर्णय है. वैक्सीन आने के बाद लोगों में पहले से भी सकारात्मकता आई है और हमें लगता है कि पेरेंट्स अपने बच्चों को समय से स्कूल भेजेंगे. गाइडलाइंस का पूरा पालन किया जाएगा. बच्चों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी.
फारुख खान, विजया इंटरनेशनल स्कूल
अप्रैल में एग्जाम और मार्च से स्कूल
विजया इंटरनेशनल स्कूल के फारुक खान का कहना है कि सरकार ने स्कूल खोलने का निर्णय लिया है, ये अच्छा फैसला है. हालांकि अभी हम पेरेंट्स से बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अनुमति लेंगे. हमारा निर्णय है कि हम मार्च से स्कूल खोलेंगे और अप्रैल में बच्चों के एग्जाम कराएंगे.
अधिकतर स्कूल आॅनलाइन पढ़ाई का भी देंगे आॅप्शन
स्कूल संचालकों से बातचीत के अनुसार कई स्कूल संचालक पेरेंट्स को आॅनलाइन पढ़ाई का भी आॅप्शन देंगे. स्कूल संचालकों का कहना है कि अगर कोई पेरेंट्स अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजना चाहता है या कोई अन्य परेशानी है तो उन्हें आॅनलाइन का आॅप्शन भी दिया जाएगा जिससे कि बच्चे की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की कोई बाधा न आए.

उत्तर प्रदेश में कक्षा 6 से 11 तक के स्कूल 10 फरवरी से खुलेंगे. वहीं कक्षा 1 से 5 तक के स्कूल 1 मार्च से खुल रहे हैं. प्रशासन ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है. छात्रों की सुरक्षा के लिए, कक्षाओं को स्कूलों के खुलने से पहले और हर पाली के बाद साफ किया जाएगा. स्कूल में प्रवेश से पहले थर्मल स्कैनिंग, मास्क, सामाजिक दूरी और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.