आगरालीक्स… आगरा में स्क्रैप के गोदाम में भीषण आग लग गई, आग की लपटें तेज होने पर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए, गोदाम में भडकी आग को बुझाने में स्थानीय लोग जुटे रहे। आग की लपटें विकराल होने पर आस पास के घरों में आग फैलने से लोग दहशत में रहे। स्क्रैप गोदाम के मालिक का आरोप है कि साजिश के तहत आग लगाई गई है।
मंगलवार देर रात आवास विकास कॉलोनी सिकंदरा स्थित स्क्रैप के गोदाम से आग की लपटें उठने लगी। इसे देख स्थानीय लोगों ने गोदाम मालिक को फोन किया, इसके साथ ही स्थानीय लोग भी आग बुझाने में जुट गए। रात एक बजे लगी आग को काबू पाने के लिए करीब एक घंटे तक स्थानीय लोग जूझते रहे, दमकल की टीम के पहुंचने के बाद भी आग पर काबू पाने में कई घंटे लग गए।
साजिश के तहत लगाई आग
गोदाम मालिक का कहना है कि स्क्रैप में जहां आग लगी वहां कोई बिजली का तार नहीं है। आरोप है कि साजिश के तहत महीनेदारी न देने पर आग लगाई गई है, इसके लिए पेट्रोल का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।