नईदिल्लीलीक्स… भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने शुरुआती झटकों के बाद रोहित शर्मा और रहाणे के साथ मिलकर पारी को संभाला है। भारत ने समाचार लिखे जाने तक रोहित के शानदार शतक की बदौलत तीन विकेट पर 192 रन बना लिए थे।
86 रन पर गिर गए तीन विकेट

भारत ने आज तीन बदलावों के साथ मैदान में उतरी। अक्षर पटेल को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला, जबकि बुमराह को गुलाबी गेंद से टेस्ट मैच खेलने के लिए आराम देकर मोहम्मद सिराज को मैदान में उतारा, जबकि वाशिंगटन सुंदर की जगह कलाई के जादूगर कुलदीप यादव को मौका दिया। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया लेकिन भारत का खाता भी नहीं खुला था कि शुभमन गिल बिना कोई रन बनाए शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद रोहित और पुजारा ने भारत की पारी को आगे बढ़ाया लेकिन पुजारा 21 रन बनाकर 85 रन के स्कोर पर आउट हो गए। इसके बाद आए कप्तान विराट कोहली अपना खाता भी भी नहीं खोल पाए थे कि 86 रन पर तीसरा विकेट गिर गया।
पहले दिन से घूमने लगी गेंद
चेन्नई में दूसरा टेस्ट काली पिच पर खेला जा रहा है। पहले दिन के आठवें ओवर से ही गेंद के घूमने और विकेट के उछाल लेने से रन बनाना मुश्किल हो रहा था। हालात ऐसे थे कि कप्तान कोहली जब आउट हुए तो उन्हें पता ही नहीं चला, जबकि उनकी बेल उड़ने के बाद इंग्लैंड के खिलाड़ी जश्न मनाने लगे थे। इसके बाद रोहित ने उपकप्तान रहाणे के साथ पारी को संभाला और शतकीय साझेदारी को भी पूरा किया।
इंग्लैंड की टीम में चार बदलाव
इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट में चार बदलावों के साथ मैदान में उतरी है। तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को आराम दिया गया है। इसी प्रकार डेम बेस, विकेटकीपर जोंस बटलर को आराम दिया है। जोफ्रा आर्चर को कलाई में चोट के कारण मैदान से बाहर रखा है। इनकी जगह स्टुअट ब्राड, मोइन अली, ओली स्टोन और विकेटकीपर बोन फोकेस को शामिल किया गया है।
टेस्ट मैच में मिली दर्शकों को अनुमति
कोरोना महामारी के बाद से देश के क्रिकेट स्टेडियमों में पड़ा सन्नाटा आज से टूट गया। दूसरे टेस्ट में पचास फीसदी दर्शकों को मैच देखने की अनुमति दी गई। इसके बाद काफी संख्या में दर्शक आज मैदान में पहुंचे। दर्शकों को पवेलियन एंड के स्टैंड में बैठने की इजाजत नहीं मिली है।