See in the pictures: Kite festival in Agra on Makar Sankranti# Agra News
आगरालीक्स…(देखें तस्वीरें) चली चली रे पतंग मेरी चली रे…लहराती पतंगों से सजा सतरंगी आसमान..मकर संक्रांति पर यमुना किनारे हुआ पतंगोत्सव. सैकड़ों लोगों ने उड़ाई पतंगें.
गुनगुनी धूप में उड़नखटोले समान लहराती पतंगों से सजा सतरंगी आसमान. मानों मकर संक्रांति पर्व पर सूर्य नारायण तक पहुंचकर उन्हें प्रणाम करने की होड़ हो. यमुना आरती स्थल, यमुना किनारे की तलहटी पर हजारों की संख्या में जुटे शहरवासी. हाथों में आसमान में लहराती सैकड़ों पतंगों की डोर सम्भालने की मौका मिला तो मानो बचपन लौट आया. क्या सांसद, क्या विधायक और क्या गणमान्य लोग. आम जनता संग सब एक मैदान में बस अपनी पतंग को बचाने की जुगत करते दिखाई दिए.
रिवर कनेक्ट अभियान द्वारा यमुना आरती स्थल पर यमुना किनारे की तलहटी में मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में पतंगोत्सव का आयोजन किया गया. जिसमें शहर के हजारों लोगों ने भाग लेकर मकर संक्रांति पर्व का आनन्द लिया. महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों ने भी आसमान में उड़ती पतंग पर खूब जोर आजमायश की. शाम 6 बजे यमुना मैया की विशेष आरती का आयोजन किया गया. आरती नंदन श्रोतिया द्वारा की गई. इस अवसर पर मुख्य रूप से कार्यक्रम संयोजक ब्रज खंडेलवाल, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, शशिकांत उपाध्याय, दीपक राजपूत, राहुल, पद्मिनी अय्यर, श्रवन कुमार, रिमझिम वर्मा, अमित कोहली, जुगल श्रोत्रिया, डॉ. हरेन्द्र गुप्ता आदि उपस्थित थे.