आगरालीक्स…(2 January 2022 Agra News) आगरा में शुरू हुआ शैल विन बैडमिंटन अंतर्विद्यालयी टूर्नामेंट. 43 विद्यालयों की टीम के 173 खिलाड़ी ले रहे हैं भाग. ब्रेस्ट कैंसर के प्रति किया जागरूक
प्रिल्यूड में 5 जनवरी तक होगा टूर्नामेंट
प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता तथा सुनीता गुप्ता के द्वारा अपनी पुत्री शैली शाह के स्तन कैंसर से (4 जनवरी, 2020) निधन के उपरांत एक प्रेरणास्पद पहल करते हुए स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शैलविन ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस ड्राइव एंड सपोर्ट ग्रुप कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है. इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिमाह की 4 तारीख को विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है. स्वर्गीय श्रीमती शैली शाह की स्मृति में शुरू किए गए ‘शैल विन’ अभियान के अंतर्गत इस वर्ष जनवरी माह की गतिविधि में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल परिसर में ‘शैल विन बैडमिंटन अंतर्विद्यालयी टूर्नामेंट’ का आयोजन 2 जनवरी से 5 जनवरी, 2022 तक किया जा रहा है.

खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल
इस टूर्नामेंट का उद्घाटन रविवार को विद्यालय प्रांगण में मुख्य अतिथि आगरा बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सीतलानी द्वारा किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के निदेशकगण डॉ. सुशील गुप्ता, सुनीता गुप्ता, श्याम बंसल, शलव गुप्ता, प्रधानाचार्या याचना चावला तथा त्रिलोक सिंह राणा (चेयरमैन, ऑल सेंट्स स्कूल) ने प्रेरणामयी उपस्थिति से खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाया. प्रधानाचार्या याचना चावला ने ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस ड्राइव एंड सपोर्ट ग्रुप के विषय में बताया. उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक माह की 4 तारीख को विभिन्न गतिविधियां जैसे-चिकित्सकों द्वारा ब्रेस्ट कैंसर संबंधी जानकारी से परिचित कराना, स्वास्थ्य और खान पान, स्वास्थ्य और योग, ब्रेस्ट कैंसर पीड़ित महिलाओं के द्वारा अपने प्रेरणादायक अनुभव साझा करते हुए, मनोबल को बढ़ाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किए गए. बैडमिंटन टूर्नामेंट के बारे में उन्होंने बताया कि इस टूर्नामेंट में 43 विद्यालयों की टीम के 173 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिसमें 43 प्रशिक्षकों के साथ 82 छात्र एवं 30 छात्रा भाग ले रहे हैं. उन्होंने बताया कि डॉ सुशील गुप्ता ने अपनी बेटी शैली शाह की स्मृति में उन विद्यार्थियों को फ्री एजुकेशन देने का निर्णय लिया है, जिन विद्यार्थियों के अभिभावकों की मृत्यु ब्रेस्ट कैंसर से हो चुकी है.

टूर्नामेंट का आयोजन
अंडर 13 (बालक एवं बालिका वर्ग)
अंडर 17 (बालक एवं बालिका वर्ग)
अंडर 17 (मिक्स डबल) श्रेणियों में किया गया।
इस अवसर पर छात्रा आद्या सोनी एवं आदित्य सोनी के द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति की गई तथा छात्र आयुष गौर ने प्रेरक गीत गाकर सभी खिलाड़ियों को उत्तम प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। बैडमिंटन टूर्नामेंट के प्रभारी प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के क्रीडा शिक्षक नरेंद्र कुशवाह, अभि सिरोही तथा कोच कोऑर्डिनेटर गयासुद्दीन कुरैशी तथा काजल वासुदेवा रहे। टूर्नामेंट के चीफ रेफरी एमपी भल्ला तथा मैच रेफरी हरेंद्र कुमार तथा श्री अगम रहे.
अच्छे स्वास्थ्य के लिए खेलकूद जरूरी
डॉ. सुशील गुप्ता ने बैडमिंटन टूर्नामेंट के आयोजन का उद्देश्य बताते हुए कहा कि प्यारी बिटिया शैली की स्मृतियों को संजोए रखते हुए ब्रेस्ट कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक बनाना है. उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने के लिए खेलकूद की परम आवश्यकता बताई. उन्होंने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर एक असाध्य रोग नहीं है. सही समय पर उचित जानकारी के साथ इसका उपचार किया जा सकता है. परिसर में उपस्थित सभी लोगों को जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर को ना छिपाएं तथा उसके लिए समय पर इलाज कराएँ. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में खेलकूद की गतिविधियों के माध्यम से एक दूसरे से जुड़ना, परस्पर सहयोग, प्रेम, एकता जैसे मानवीय गुणों का सहजता से विकास होता है. बालक एवं बालिका वर्ग में सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साह व जोश के साथ विपक्षी टीम से रोचक मुकाबला किया. कार्यक्रम का संचालन सुश्री डिंपी महेंद्रु ने किया. कार्यक्रम में साक्षी जैन, अतुल सक्सेना, अर्पना सक्सेना, रंजना गुप्ता, सिद्धांत सचदेवा, सरोज अरोरा का सहयोग रहा.