आगरालीक्स…आगरा में दिल दहला देने वाली घटना, एक युवक ने अपनी 11 माह की बेटी को यमुना में फेंका. पत्नी को भी फेंकने की कोशिश की, लोगों ने बचाया. मासूम की तलाश कर रहे गोताखोर
आगरा में सनसनीखेज और चौंकाने वाली खबर आई है. शुक्रवार शाम को एक पिता ने अपनी ही 11 माह की बेटी को यमुना में फेंक दिया. यही नहीं उसने अपनी पत्नी को भी यमुना में फेंकने की कोशिश की लेकिन वहां आए लोगों ने किसी तरह महिला को बचा लिया. जानकारी होने पर लोगों ने आरोपी को बुरी तरह से पीट डाला और पुलिस को सौंप दिया. इधर गोताखोर यमुना में मासूम की तलाश में जुट गए.
यह दिल दहला देने वाली घटना थाना सिकंदरा क्षेत्र के अकबरा की है. बाइक पर पत्नी और 11 साल की बेटी को लेकर आये एक युवक ने अपनी बाइक को यमुना पुतल पर रोक दिया. पुल पर बाइक रोकते ही युवक ने अपनी 11 माह की बेटी को उठाकर यमुना में फेंक दिया. इसके बाद मारपीट करते हुए पत्नी को भी यमुना के पुल से नीचे फेंकने की कोशिश की. महिला के शोर मचाने पर आसपास गुजर रहे लोग वहां आ गए और उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया. मामले की जानकारी होते ही गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सूचना पर थाना सिकंदरा पुलिस भी मौके पर आ गई. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बच्ची की तलाश यमुना में शुरू की. पीएसी के गोताखोर नदी में बच्ची को तलाश कर रहे हैं.