आगरालीक्स …आगरा में मास्क न पहने पर 24 घंटे के लिए दुकानें कराई जा रहीं बंद, बाजारों में पुलिस की गश्त, आगरा को नाइट कर्फ्यू से बचाने की कवायद।
आगरा में कोरोना के केस तेजी से बढने लगे हैं। शुक्रवार को कोरोना के सक्रिय केस 537 पहुंच गए, यूपी के जिन जिलों में कोरोना के सक्रिय केस 500 से अधिक हैं वहां रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया जा रहा है। मगर, अभी आगरा में नाइट कर्फ्यू नहीं लगा है। जिला प्रशासन और पुलिस आगरा को नाइट कर्फ्यू से बचाने के प्रयास में जुटी है। नाइट कर्फ्यू लगने से मांगलिक कार्यों में समस्या आएगी साथ ही व्यापार भी प्रभावित होगा।
11 दुकानें 24 घंटे के लिए कराईं बंद
शुक्रवार को डीएम प्रभु एन सिंह, एसपी सिटी और पुलिस के साथ न्यू आगरा के बाजारों में पहुंचे। यहां दुकानदार मास्क नहीं लगाए हुए थे, ऐसे दुकानदारों की दुकान 24 घंटे के लिए बंद करा दी गई। चेतावनी दी गई है कि दोबारा मास्क के बिना मिले तो एक महीने के लिए दुकान बंद करा दी जाएगी।
कमिश्नर को बाजारों में बिना मास्क के मिले लोग
कमिश्नर अमित गुप्ता ने आगरा के बाजारों का दौरा किया, उन्हें बाजारों में बिना मास्क के लोग मिले, इसके बाद सख्ती के आदेश दिए गए हैं। मास्क न पहनने वालों के चालान करने के लिए कहा गया है।
मास्क न पहनने पर दो हजार लोगों के चालान
मास्क न पहनने पर गुरुवार को 1600 से अधिक लोगों के चालान किए गए थे, दूसरे दिन शुक्रवार को 2000 लोगों के मास्क न पहनने पर चालान किए गए। हिदायत दी गई है कि मास्क जरूर पहनें।