
आगरा यूनिवर्सिटी के पालीवाल कैम्पस में एक मार्च से सपा छात्रसभा के जिलाध्यक्ष आलोक यादव के साथ आधा दर्जन छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं। मांग है यूनिवर्सिटी पीआरओ को पदमुक्त किया जाए। 2013 के बीएड घोटाले के दोषियों पर कार्रवाई की जाए। 2011 से 2014 सत्र के सभी छात्रों की समस्या के निवारण के लिए एकल खिड़की व्यवस्था लागू की जाए। यूनिवर्सिटी कर्मचारियों से सिर्फ यूनिवर्सिटी से संबंधित कार्य लिया जाए। आवासीय संस्थानों में इलेक्ट्रॉनिक हाजिरी मशीन लगाई जाए, जिससे शिक्षक समय से उपस्थित हों। इन मांगों को लेकर आज तक यूनिवर्सिटी का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे छात्रों में आक्रोश है। दो छात्रों की तबियत पूर्व में बिगड़ चुकी है।
ऐसे चढा पानी की टंकी पर
सपा छात्रसभा के जिलाध्यक्ष आलोक यादव ने बताया कि सुबह के समय मानवेन्द्र धरना स्थल से उठा। अन्य छात्रों ने सोचा कि वह फ्रेश होने जा रहा है। लेकिन मानवेन्द्र धोखा देकर सीधे पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहां से ऐलान करने लगा कि यदि यूनिवर्सिटी अधिकारी मांगों को नहीं मानेंगे, तो वह पानी की टंकी से कूदकर अपनी जान दे देगा। साथियों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी की टंकी से उतरने के लिए तैयार नहीं था।
कोई चढा तो कूदकर जान दे दूंगा
छात्र के पानी की टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही थाना हरीपर्वत पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पानी की टंकी पर चढ़ने का प्रयास किया, तो छात्र ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी टंकी पर उपर आया, तो वह कूद जाएगा।
Leave a comment