आगरालीक्स… आगरा का तेल माफिया मनोज गोयल जेल से बाहर आ गया है, इसके साथ ही आगरा में बंद पडे तेल माफिया के सात पेट्रोल पंप को खोलने के लिए फाइल घूमने लगी हैं, ये पेट्रोल पंप एस्सार कंपनी के हैं।
26 मार्च 2017 को आगरा का तेल माफिया मनोज गोयल को एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीम ने अरेस्ट किया, उसे मथुरा में भरतपुर रोड से अरेस्ट किया गया है।
मथुरा रिफाइनरी की पाइप लाइन में सेंध लगाकर 100 करोड की तेल चोरी के आरोप में आगरा के तेल कारोबारी मनोज गोयल को पकडने के लिए एसटीएफ ने जाल बिछाया, मथुरा क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मिलकर भरतपुर रोड मथुरा पर शनिवार रात को मनोज गोयल जैसे ही एक घर से बाहर निकाला, उसे पकड लिया। वह कई दिनों से वहां रह रहा था, रात का अंधेरा होने पर वह घर से बाहर निकाला था।
जमानत पर रिहा
तेल माफिया मनोज गोयल मथुरा जेल से जमानत पर रिहा हो गया है, उसके शहर में एस्सार कंपनी के सात पेट्रोल पंप हैं, इन्हें 27 मार्च 2017 को सील कर दिया गया था। झलक फृयूल्स रिटेल आउटलेट, लश्करपुर, गांधीनगर एमजी फृयूल्स रिटेल आउटलेट, छत्ता बाजार सहित सात पेट्रोल पंप को खोलने के लिए विभागों से एनओसी ली जा रही हैं।
100 करोड की तेल चोरी
18 फरवरी को मथुरा रिफाइनरी की पाइपलाइन डिवीजन की पेट्रोलिंग यूनिट ने तेल चोरी होने का खुलासा किया था। सुरंग बनाकर तेल चोरी की जा रही थी, इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी। इस तेल को मनोज गोयल द्वारा आगरा में चलाए जा रहे पेट्रोल पंप सहित अन्य पेट्रोल पंपों पर सप्लाई किया जा रहा था।
तेल का बडा कारोबारी बना मनोज गोयल

तेल के काले कारोबार में आगरा के मनोज गोयल की परत दर परत खुलती जा रही है, उसके पेट्रोल पंप, स्कूल, होटल और बैंकेट हॉल हैं। मनोज गोयल का परिवार मूल रूप से किरावली का रहने वाला है। तीस साल पहले उसके पिता घूरेलाल गोयल शाहगंज के सोरो कटरा में आकर बसे थे। वह भी तेल का काम करते थे। उनके बाद इसे मनोज ने संभाल लिया। उसने दस साल पहले नेहरू नगर में कोठी बना ली।