आगरालीक्स ….आगरा में महिला बाइकर्स सहित 100 बाइकर्स शहर की सड़कों से होते हुए बाह के बीहड़ों के लिए रवाना, 200 किलोमीटर का सफर, जीतने वाले को 51 हजार का पुरस्कार।
ताज महोत्सव के फतेहाबाद रोड स्थित आई लव आगरा सेल्फी पॉइंट से सुबह मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी और डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने मोटर स्पोर्ट्स क्लब और प्रो बाइकिंग द्वारा आयोजित आगरा ताज बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें 40 महिलाओं सहित 100 बाइकर्स शामिल हैं।
रफ्तार की दौड़ में महिला बाइकर्स भी आगे
बाइकिंग की दुनिया में रफ्तार के प्रति दीवानगी महिलाओं में भी कुछ कम नहीं है। हर क्षेत्र में अपने आप को साबित करने वाली महिलाएं बाइकिंग में भी स्वयं को साबित और स्थापित कर चुकी हैं। करीब 100 बाइकर्स के रजिस्ट्रेशन में 35 से 40 महिला बाइकर्स हैं जो आगरा सहित, राजस्थान, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड आदि राज्यों से आई हैं। इसके अलावा देशभर से बाइकर्स रैली में भाग ले रहे हैं। जोकि पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली आदि से पहुंचे हैं।
जीतने वालों को मिलेगा 51 हजार का इनाम
द आगरा ताज बाइक रैली तीन श्रेणियों में हो रही है। जिसमे महिला, पुरुष और युगल श्रेणी रखी गई है। तीनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वालों को 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि वितरित होगी।